हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं पावन बेला एवं अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार को उत्तराखंड ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में भल्ला कॉलेज की राष्ट्रीय कैडेट कोर की 31वीं बटालियन ने शहीद भगत सिंह चौक पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में स्मृति दिवस समारोह का आयोजन किया। इस दौरान श्रद्धापूर्वक नमन कर उन्हें याद किया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के भाई मुकेश कौशिक ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने अपनी शहादत देकर हमें अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराया है। अमर शहीदों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिए हमें सबका साथ और सबका विकास की भावना के साथ मिलकर कार्य करना होगा। कार्यक्रम के संयोजक उत्तराखंड ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पदम प्रकाश शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अतीत के गौरव से प्रेरित करता है। वहीं एनसीसी के कैडेट निश्चित ही हमारे पूर्वजों की शहादत का सम्मान करते हुए राष्ट्र सेवा में समर्पित भाव से कार्य करेंगे। इस दौरान पदम प्रकाश सुवेदी, एनसीसी अधिकारी मेजर विनीता कुर्ल, प्रधानाचार्य कैप्टन ओम प्रकाश गौनियाल, बटालियन के सूबेदार मेजर डीवी थापा और सूबेदार धनेश मौजूद रहे।