उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने महिला विंग का गठन करते हुए एकता सूरी को जिलाध्यक्ष और रानी सहगल को मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। पदाधिकारियों ने कहा, महासभा समाज सेवा और जरूरतमंदों को आगे बढ़ाने के लिए काम करती रहेगी।
सोमवार को बिल्वकेश्वर कॉलोनी में बैठक करते हुए उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने महिला विंग का गठन किया। जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि एकता सुरी को महिला विंग की जिलाध्यक्ष, रानी सहगल को महामंत्री और रेणु अरोड़ा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। महासभा में जिला मीडिया प्रभारी में लव कुमार शर्मा और सह प्रभारी दीपक मदान को नियुक्त किया। प्रवीण कुमार ने बताया कि युवा विंग का गठन हो चुका है। अब महासभा समाज को संगठित करने का कार्य कर रहा है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एकता सूरी ने कहा कि महासभा सामाजिक कार्य करती आई है और आगे भी करती रहेगी। समाज की महिलाओं को आगे लाया जाएगा। परमानंद पोपली ने कहा कि कोई भी संस्था मातृ शक्ति के बिना अधूरी होती है। इस अवसर पर प्रदीप कालरा, रवि ढींगड़ा, डॉ संदीप कपूर, अन्नू कक्कड़, सतीश भाटिया, किशोर अरोड़ा, देवेंद्र चावला, कुंवर बाली, वासु देव अरोड़ा, जितेंद्र सहगल, चिराग अरोड़ा, शिवम चावला आदि उपस्थित थे।