बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लापता नाबालिग लड़की की बरामदगी न होने के विरोध में कनखल थाने पर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लड़की को सकुशल बरामद किया जाए। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
कनखल से एक सप्ताह पहले नाबालिग लड़की गायब हो गई थी, जिसकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि लड़की मेरठ के एक युवक से फोन पर बात करती थी। आरोप है कि मोबाइल पर बात करने वाला युवक ही नाबालिग को बहला फुसलाकर ले गया। इस बात की जानकारी मिलने पर बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता परिजनों को साथ लेकर कनखल थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। एसओ विकास भारद्वाज ने आश्वासन दिया कि जल्द ही नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। बजरंग दल के जिला संयोजक नवीन तेश्वर का कहना था कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी ना होने पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में देवेंद्र तोमर, रोहित शास्त्री, गोपाल भारद्वाज, ललित बजरंगी, सुमित बजरंगी, अंगद सक्सेना, शिवम बिष्ट, शशांक, रोहित कटारिया, लक्ष्मण कटारिया, राजन शर्मा, दीपक सक्सेना आदि शामिल थे।