{"_id":"5c8a9a23bdec22145b20dc59","slug":"141552587299-haridwar-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"भुगतान शुरू होने पर केआरएल कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भुगतान शुरू होने पर केआरएल कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
विज्ञापन
चार महीने से वेतन न मिलने से नाराज केआरएल के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को कूड़ा नहीं उठाया। कूड़ा नहीं उठने से कई वार्डों और बाजारों में कूड़े के ढेर लग गए। ऐसे में शहर के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे बुरी स्थिति होटल बाहुल्य क्षेत्रों में रही।
नगर निगम की अनुबंधित कंपनी केआएल के सफाई कर्मचारियों को तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी। कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को कूड़ा नहीं उठाया और वेतन भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया। शहर के कई इलाकों सहित प्रमुख बाजारों में दिन तक कूड़े के ढेर लग गए। कूड़े के ढेरों से उठती दुर्गंध से वहां से गुजरना मुश्किल हो गया। दिन के समय स्थिति तब ज्यादा विकट हो गई जब तेज हवाएं चलने से पॉलिथीन का कचरा पूरे क्षेत्र में उड़ने लगा। हरकी पैड़ी क्षेत्र में अपर रोड, मोती बाजार, बड़ा बाजार, राम घाट, सब्जी मंडी, विष्णु घाट, हरकी पैड़ी के ऊपर वाले क्षेत्रों में स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही। स्थानीय लोग नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश करते रहे लेकिन किसी का फोन ही नहीं लगा। यही हाल ज्वालापुर में पीठ बाजारों के साथ, बकरा मार्केट, लोधा मंडी, चौहानान, धीरवाली, कस्साबान, हज्जाबान, लाटोवाली, शहर के पॉस कालोनी खन्नानगर, विकास कालोनी, गोविंदपुर, आर्यनगर चौक के आसपास का रहा। पूर्व पार्षद कन्हैया खेवड़िया ने बताया कि मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने सुबह से अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया था और नगर आयुक्त ने अपने को चुनाव कार्यों में व्यस्त बताया।
विज्ञापन
शाम चार बजे समाप्त हुई हड़ताल
कंपनी के प्रतिनिधियों और कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों के बीच कई घंटे चली द्विपक्षीय वार्ता के बाद शाम को चार बजे हड़ताल खत्म हुई। वार्ता में तय हुआ कि जिन कर्मचारियों को माह नवंबर का वेतन अभी नहीं मिला है उन्हें तीन महीने और जिनको नवंबर का वेतन मिल चुका है उन्हें दिसबंर व जनवरी का भुगतान आज ही कर दिया जाएगा। इस समझौते से केआरएल के 214 कर्मचारियों को लाभ होगा। संयुुक्त मोर्चा के नेता सुनील राजौर ने बताया कि यह भी निर्णय लिया गया कि होली से पूर्व फरवरी का भी वेतन देने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन धनराशि की कमी पड़ी तो सभी कर्मचारियों को तीन-तीन हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। समझौता वार्ता में कंपनी की ओर मनोज शर्मा, प्रमोद शर्मा, संयुक्त मोर्चा की ओर से सुनील राजौर, सुरेश, मुकेश, मनोज, आत्माराम बैनीवाल आदि शामिल रहे। कंपनी के प्रबंधक मनोज शर्मा ने बताया कि आंदोलन के कारण जो कूड़ा सुबह नहीं उठ पाया है उसको सायं चार बजे उठाना शुरू कर दिया गया और रात तक पूरी सफाई करा दी जाएगी।
विज्ञापन
नगर निगम कर्मियों की भी हुई वार्ता
मेयर अनीता शर्मा और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने भी नाराज कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से वार्ता की। संयुक्त मोर्चा के नेताओ को हिदायद दी गई है कि चुनाव आचार संहिता के दौरान किसी प्रकार का आंदोलन ने करें। मोर्चा के नेता सुनील राजौर ने बताया कि नगर निगम कर्मचारियों को सातवें वेतन के अवशेष एसीपी का कुछ भुगतान किया जा रहा है, लेकिन चुनाव आचार संहिता के चलते कोई लिखित वार्ता नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि भीमगोड़ा, खड़खड़ी क्षेत्र की जिन महिला सफाई कर्मियों को नए क्षेत्रों में भेजा गया है उन्हें आसपास के क्षेत्र में रखा जाएगा। वार्ता में श्रमिक नेता मुरली मनोहर, आत्माराम बेनीवाल, नीरज बागड़ी, प्रवीण तेश्वर आदि शामिल रहे।