एक-दूसरे के प्यार में पागल थे भाई-बहन, घर के पीछे मिली लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के उधरमसिंह नगर में प्रेमी-प्रेमिका की संदिग्ध हालत में लाशें मिलने से सनसनी फैल गई। प्रेमी का घर के पीछे तीन सौ मीटर और प्रेमिका का शव उसके घर के पीछे करीब आधा किमी दूरी पर खेत में पड़ा मिला। इस घटना को ऑनर किलिंग से भी जोड़ कर देखा जा रहा है।
दोनों के गांवों के बीच 17 किमी. दूरी पर शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। प्रेमी युगल की मौत को आत्महत्या नहीं, हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रेमी युगल आपस में ममेरे-फुफेर भाई-बहन थे और एक साल पहले से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। पुलिस प्रेमी के प्रेमिका को मौत के घाट उतारने के बाद आत्महत्या की संभावना जताते हुए पड़ताल में जुटी है।
बुधवार की सुबह करीब आठ बजे सिसईखेड़ा गांव में गेहूं कटे खेत में रतन सिंह की बेटी भाग्य श्री (23) की लाश पड़ी मिली। जिससे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच भाग्यश्री की लाश को कब्जे में ले लिया।
युवती के गले पर रस्सीनुमा फंदे का निशान
पुलिस पंचनामा भरने की तैयारी कर ही रही थी कि लगभग साढ़े आठ बजे सिसईखेड़ा से 17 किमी. दूर कैथुलिया के प्रधान राम किशन राणा ने गांव के ही भजन सिंह के बेटे अरविंद राणा (26) की लाश घर से तीन सौ मीटर की दूरी पर खेत में पड़ी होने की सूचना दी। सूचना के आधा घंटे बाद करीब नौ बजे पुलिस कैथुलिया पहुंची।
जब तक परिजन उसकी लाश को घर ले आए थे। पुलिस ने घर से अरविंद का शव कब्जे में लेने के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। पुलिस के अनुसार युवती के गले पर रस्सीनुमा फंदे का निशान था जबकि युवक के शरीर पर कोई भी चोट और घाव नहीं था। बताया गया कि दोनों घटनास्थलों से उनकी मौत से संबंधित कोई भी साक्ष्य नहीं मिला है।
पुलिस का कहना है कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे भाग्यश्री के फोन पर उसके प्रेमी अरविंद ने फोन किया था। जिसे भाग्यश्री के भाई ने रिसीव किया। दोनों के बीच क्या बात हुई इसका अभी पता नहीं लग पाया है। इसके अलावा रात को 11 बजे युवती के घर पर न मिलने पर पिता रतन ने अरविंद के पिता भजन को फोन कर बताया कि उसका बेटा अरविंद उसकी बेटी को भगा ले गया है।
इसके बाद बुधवार सुबह दोनों की लाशें बरामद हुईं। एएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजे गए हैं। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
कहीं यह ऑनर किलिंग तो नहीं ?
प्रेमी युगल की मौत पर फिलहाल पुलिस के लिए रहस्य बनी है। प्रेमिका और प्रेमी की लाशें मिलने से पुलिस दहला देने वाली वारदात को ऑनर किलिंग से जोड़कर देख रही है। जिससे पुलिस के शक की सुई प्रेमिका के परिजनों पर घूम रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने प्रेमिका के दोनों भाइयों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। सिसईखेड़ा गांव की युवती भाग्यश्री (23) पुत्री रतन सिंह का उसके फुफेरे भाई कैथुलिया गांव के अरविंद राणा (26) पुत्र भजन सिंह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीती 23 अप्रैल को भाग्यश्री के परिजनों ने ध्यानपुर गांव के एक युवक से उसका रिश्ता कर दिया था।
बुधवार को ध्यानपुर गांव से मंगनी करने वाले रिश्तेदार शादी की तारीख लेने युवती के घर आने वाले थे। बुधवार की सुबह आठ बजे सिसईखेड़ा गांव में घर के पीछे करीब आधा किमी. दूरी पर युवती की लाश मिलने से रिश्तेदार भी घर नहीं आए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवती का मोबाइल उसके घर पर ही टूटा पड़ा था और सिम उसके पिता रतन के पास था। वहीं, युवक वर्षों पहले एक्सीडेंट होने से विकलांग हो गया था। जिसकी राज्य सरकार से विकलांग पेंशन भी मिलती थी।
ऐसे में सवाल ये उठता है कि अगर युवक उसे भगा ले गया था तो उसका मोबाइल घर पर ही क्यों टूटा पड़ा था। यदि युवक पर शक है तो वह विकलांग होने से लड़की को मौत के घाट उतारने के बाद खेत में फेंकने कैसे ले गया। अगर, खेत में उसने युवती की हत्या की तो वहां घास पर संघर्ष के निशान क्यों नहीं थे। पुलिस मृतक प्रेमी द्वारा प्रेमिका को मौत के घाट उतारना तो मान रही है, लेकिन इन सबूतों से युवती के परिजन भी शक के घेरे में हैं। मृतक प्रेमी की जहां लाश मिली वहां भी ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जो युवक की आत्महत्या को दर्शाता हो।
युवक के पिता को प्रेम प्रसंग का नहीं था पता
कैथुलिया गांव के प्रेमी युवक अरविंद राणा के पिता भजन सिंह को उसकी प्रेम कहानी का पता नहीं था। उसने पुलिस को बताया कि सुना तो था कि अरविंद रतन की बेटी भाग्यश्री से प्रेम करता है लेकिन उसने उससे शादी की कभी कोई बात उनके समक्ष नहीं रखी और न ही प्रेम करने की बात कही।
भाभी के घर जाने की बात कहकर गई थी युवती
मंगलवार की रात को करीब नौ बजे भाग्यश्री अपने परिजनों से पड़ोस में रहने वाली मोहल्ले की ही एक भाभी के घर जाने की बात कहकर घर से आई थी और उसके बाद वह न भाभी के घर पहुंची और न ही अपने घर लौट कर आई। ब्यूरो
हाईस्कूल के बाद अरविंद ने छोड़ दी थी पढ़ाई
कैथुलिया गांव के प्रेमी युवक अरविंद राणा ने हाईस्कूल करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और अपने किसान पिता भजन सिंह के साथ ही खेतीबाड़ी कर रहा था। प्रेमिका (अरविंद के मामा रतन सिंह की बेटी) भी नौंवी क्लास तक पढ़ाई करने के बाद घर बैठ गई थी। अरविंद की मौत से उसकी मां मंतोरावती का रो-रोकर बुरा हाल है। अरविंद के तीन बड़े भाई चंद्रपाल, जसवंत व विजेंद्र हैं।
जिनकी शादी हो चुकी है। एक बहन थी। जिसकी कई साल पहले मौत हो चुकी है। उधर, भाग्यश्री के घर में भी मातम पसरा हुआ है। उसकी मां भागा देवी बेसुध है। भाग्यश्री के दो भाई जोगेंद्र राणा व रोहित राणा हैं। जबकि, एक बहन सोनी है। इनमें बड़े भाई जोगेंद्र और बड़ी बहन सोनी की शादी हो चुकी है।
प्रेमिका को भगा ले गए कैथुलिया के युवक को सिसईखेड़ा बाजार में दुकानदारों ने देखा था। संभावना है कि युवती को भगाकर लाने के भय से युवक ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद को मौत के घाट उतार लिया। घटना की जांच की जा रही है। मौत के सही कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।
- पंकज भट्ट-अपर पुलिस अधीक्षक, ऊधम सिंह नगर