चंपावत। डाक विभाग की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर आयोजित की गई ढाई आखर अखिल भारतीय पत्र लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य डाकघर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता में पाटी विकासखंड के शिक्षक रवीश पचौली को पिथौरागढ़ परिमंडल में दूसरा स्थान प्राप्त होने पर पुरस्कृत किया गया।
पिथौरागढ़ के डाक अधीक्षक ललित जोशी ने उन्हें दस हजार रुपये का चैक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा लोहाघाट उपमंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर ठांटा के शाखा डाकपाल तुलाराम शर्मा, द्वितीय रहे नीड़ के उप शाखा डाकपाला अशोक पांडेय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तामली के शाखा डाकपाल गिरीश चंद्र जोशी को भी पुरस्कृत किया गया। डाक अभिकर्ता राजेंद्र गहतोड़ी के संचालन में हुए कार्यक्रम में पिथौरागढ़ परिमंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले केदार सिंह बोहरा को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में डाक निरीक्षक बीएसएस ऐरी, डाकपाल आईडी जोशी, आयुष पांडेय, सुरेश चंद्र सोराड़ी, त्रिभुवन सिंह अधिकारी और अन्य अभिकर्ता मौजूद रहे। संवाद