बनबसा (चंपावत)। सिडकुल की स्थापना के लिए मंगलवार को सिडकुल के अधिकारियों और प्रशासन की टीम ने बनबसा में जमीन का सर्वे किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मंगलवार को सिडकुल के अधिकारियों की टीम बनबसा पहुंची। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सिडकुल के लिए जमीन की तलाश की। एसडीएम ने बताया कि मीना बाजार से केनाल कॉलोनी को जाने वाले मार्ग के दाहिने किनारे की जमीन को प्रस्तावित किया गया है। इसके अलावा पूर्व में तय गढ़ीगोठ धनुषपुल के उत्तरी पूर्वी छोर स्थित छीनी कंपार्टमेंट संख्या 18 को भी प्रस्तावित किया गया है।
छीनी कंपार्टमेंट 18 की प्रस्तावित की गई जमीन आरक्षित वन भूमि है जबकि मीना बाजार से शारदा इंटर कॉलेज तक सड़क के दाहिने ओर की भूमि यूपी सिंचाई विभाग के अधिकार में है जिसके लिए शासन को परिसंपत्तियों का जल्द बंटवारा करना होगा। इस दौरान सिडकुल के वरिष्ठ अधिकारी वाईएस पुंडीर, तकनीकी अधिकारी गुरुदीप सिंह काला, नोडल अधिकारी कमल कफल्टिया समेत यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारी, उत्तराखंड सिंचाई विभाग के अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी आदि थे।