लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के सिंगदा गांव के लिसाड़ी तोक में पेयजल समस्या नहीं सुलझ सकी है। करीब एक सप्ताह से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को सही न करने पर गुस्साए ग्रामीणों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। समस्या का समाधान जल्द न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सिंगदा के पूर्व सैनिक इंद्र सिंह के नेतृत्व में लोगों ने शनिवार को जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले भारी बारिश के दौरान गांव को पानी देने होने वाली पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जल संस्थान के अभियंता को भी कई बार शिकायत करने के बाद भी लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग के लोग केवल कोरे आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव में पानी न आने के कारण लोग करीब पांच किमी पैदल चलकर पानी ढोने के लिए मजबूर हैं। समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना देने की चेतावनी दी है। इस मौके पर पुष्कर सिंह, कल्याण सिंह, राजेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, बची सिंह, शिवराज सिंह, कुंदन सिंह, कल्याण सिंह, धरन सिंह, हयात सिंह आदि रहे।