खेती की नई शुरुआत: कुमाऊं के किसानों की मेहनत को कश्मीरी मिर्च से मिला नया रंग, पढ़ें पूरी खबर
दूधपोखरा के प्रगतिशील किसान कमल गिरी ने इस साल करीब आधा नाली भूमि में कश्मीर की लाल देगी मिर्च के पौधे ट्रायल के तौर पर लगाए थे। जनवरी में रोपे गए पौधों में अब अच्छी पैदावार मिल रही है और मिर्च का आकार व वजन भी काफी अच्छा है।
विस्तार
चंपावत में पहली बार कश्मीर की लाल देगी मिर्च की खेती का प्रयोग सफल होता नजर आ रहा है। दूधपोखरा के प्रगतिशील काश्तकार कमल गिरी ने इस साल करीब आधा नाली भूमि में ट्रायल के तौर पर मिर्च के पौधे लगाए थे। जनवरी में रोपे गए पौधों में अब अच्छी पैदावार देखने को मिल रही है। मिर्च का आकार और वजन भी काफी अच्छा है।
काश्तकार कमल गिरी ने बताया कि इस बार जानकारी के अभाव और सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्होंने सीमित क्षेत्र में ही इसका उत्पादन किया। हालांकि शुरुआती परिणाम उत्साहजनक हैं। बाजार में इस मिर्च की कीमत करीब 800 रुपये प्रति किलो बताई गई है, जबकि स्थानीय स्तर पर उत्पादित मिर्च की बिक्री लगभग 100 रुपये प्रति किलो तक होती है। ऐसे में यह फसल किसानों के लिए आय का बेहतर विकल्प बन सकती है।
काश्तकार कमल ने बताया कि अब अगले सीजन में बड़े स्तर पर इसकी खेती करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए मिर्च के बीज भी स्वयं तैयार किए जाएंगे। अच्छी पैदावार को देखते हुए उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में कश्मीर की यह लाल मिर्च चंपावत के किसानों की आय बढ़ाने में मददगार साबित होगी।
तड़के का स्वाद होता है जायकेदार
मास्टर सेफ पिंकू सौन ने बताया कि कश्मीरी मिर्च गर्म तेल या घी के तड़के में पड़ते ही भुनी हुई खुशबू छोड़ती है, जो तंदूरी और ग्रेवी वाले व्यंजनों का स्वाद बढ़ा देती है। इसमें कैरोटीनॉयड जैसे प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं। तीखापन बहुत हल्का होता है। इसमें सूजन-रोधी गुण पाए जाते हैं और यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करती है।
प्रगतिशील काश्तकार कमल गिरि खेती में कुछ नया प्रयोग करते रहते हैं। पहले उन्होंने बैंगनी आलू की खेती शुरू नई शुरुआत की थी। अब वह कश्मीरी मिर्च का उत्पादन की तैयारी में हैं। विभाग कश्मीरी मिर्च के उत्पादन के लिए उनकी हर संभव मदद करेगा। योगेश भट्ट, जिला उद्यान अधिकारी, चंपावत।
