चंपावत। डाक विभाग का सर्वर चार दिनों से डाउन है। इस कारण जिले के पांच डाकघरों में आरडी, एसबी, एफडी सहित पीएलआई संबंधी बैंक, बीमा कार्य नहीं हो सका। अधिकारियों को बताने के बाद भी सर्वर या नेटवर्किंग को नहीं सुधारा जा सका। इससे जिले के चंपावत, लोहाघाट, बाराकोट, पाटी और खेतीखान डाकघरों में सन्नाटा पसरा है। खाताधारक डाकघर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे उनके अनमोल समय और किराए की बर्बादी हो रही है जबकि लेन-देन न होने से डाकघर का लाखों का कारोबार भी कम हो गया है। खाताधारक राजेंद्र गहतोड़ी ने विभागीय अधिकारियों से समस्या सुलझाने की मांग की है। वहीं पोस्टमास्टर ईश्वरी दत्त जोशी ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है। जल्द ही समस्या सुलझाई जाएगी।