संवाद न्यूज एजेंसी, लोहाघाट (चंपावत)। पुलिस और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने चरस बेचने जा रहे एक व्यक्ति को दबोच लिया। आरोपी के पास से एक किलो 510 ग्राम चरस बरामद हुई है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। बताया गया कि तस्कर ने इस चरस को अपने घर में ही तैयार किया था।
लोहाघाट के थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि शुक्रवार की शाम को एक व्यक्ति के चरस लेकर खेतीखान-ललुवापानी सड़क जाने की भनक लगी। सूचना मिलने पर पुलिस और एसओजी की टीम ने इस मार्ग पर पहुंच हर आने-जाने वाले की तलाशी ली। चरस लेकर ललुवापानी की ओर जा रहा शख्स एकाएक पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया और मौके से भागने का प्रयास किया। पीछा कर पुलिस ने आरोपी को दबोचा और तलाशी लेने पर उसके पास से एक किलो 510 ग्राम चरस मिली। आरोपी की पहचान जीवन सिंह निवासी पाटी ब्लाक के बुंगा कमलेख के रूप में हुई। पुलिस ने लोहाघाट थाने में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे लोहाघाट जेल भेज दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ध्यान सिंह के नेतृत्व में गई इस टीम में एसओजी प्रभारी वीएस रमोला, दरोगा देवेंद्र सिंह मेहता, कांस्टेबल मतलूब खान, मनोज बेरी, राकेश रौंकली, दीपक प्रसाद, धरमवीर, अशोक वर्मा, सद्दाम हुसैन, भुवन पांडेय आदि शामिल थे।