टनकपुर (चंपावत)। हल्द्वानी वन प्रभाग की ओर से नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसका समापन सोमवार को हो गया। समापन सत्र में शारदा रेंज के रेंजर महेश सिंह बिष्ट ने प्रतिभागी युवाओं को प्रमाणपत्र बांटे। उन्होंने कहा नंधौर अभयारण्य में इको टूरिज्म रोजगार का बड़ा विकल्प बनेगा। क्षेत्र के युवा नेचर गाइड के रूप में रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।
जूलॉजिकल सर्वे ऑफ लंदन (जेडएसएल) के परियोजना अधिकारी डॉ. हरीश गुलेरिया की अगुवाई में 19 नवंबर से शुरू हुए प्रशिक्षण में विषय विशेषज्ञों की टीम ने क्षेत्र के 33 युवाओं को नंधौर अभयारण्य क्षेत्र में भ्रमण कराकर नेचर गाइड, इको टूरिज्म, होम स्टे आदि का प्रशिक्षण दिया। वन्यजीवों और पक्षी अवलोकन के संभावित स्थानों के बारे में जानकारी दी गई, ताकि वे अभयारण्य में आने वाले पर्यटकों को ऐसे स्थानों का भ्रमण कराकर वन्यजीव और पक्षियों के दीदार करा सके। इलीमेंट ऑफ इको टूरिज्म, आर्ट एंड कल्चर, बटरफ्लाई वॉचिंग और रिवर राफ्टिंग आदि के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई। इस मौके पर डिप्टी रेंजर कैलाश गुणवंत, प्रशिक्षक राजेश भट्ट, बची सिंह बिष्ट आदि थे।