टनकपुर (चंपावत)। नंधौर वन्यजीव अभयारण्य से लगे क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए हल्द्वानी वन प्रभाग ने पांच दिवसीय इको टूरिज्म, होम स्टे एंड नेचर गाइड प्रशिक्षण शुरू किया है। हल्द्वानी वन प्रभाग के डीएफओ कुंदन कुमार की पहल पर आयोजित इस शिविर का शुभारंभ जूलॉजिकल सर्वे ऑफ लंदन (जेडएसएल) के परियोजना अधिकारी डॉ. हरीश गुलेरिया ने बृहस्पतिवार को किया।
इको टूरिज्म, होम स्टे एंड नेचर गाइड प्रशिक्षण अभयारण्य के टनकपुर से लगे क्षेत्र में दिया जा रहा है। डॉ. गुलेरिया ने बताया कि प्रशिक्षण में अभयारण्य से सटे क्षेत्रों के 32 युवा प्रतिभाग कर रहे हैं, जिन्हें विषय विशेषज्ञों की टीम पक्षी और तितली अवलोकन, वन्यजीव सुरक्षा, इको टूरिज्म, नेचर गाइड, होम स्टे, आर्ट एंड कल्चर आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मौके पर एसडीओ रामकृष्ण मौर्य, रेंजर महेश सिंह बिष्ट, डिप्टी रेंजर कैलाश गुणवंत, प्रशिक्षण राजेश भट्ट, बची सिंह बिष्ट समेत आदि थे।