चंपावत। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को लडवाल फाउंडेशन के स्वत्थान की ओर से सम्मानित किया गया। यहां एक होटल में शनिवार को हुए कार्यक्रम में डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी, एसपी देवेंद्र पींचा, सीईओ जितेंद्र सक्सेना ने प्रदेश की मेरिट में आई प्रतिभाओं को राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने इन प्रतिभाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कहा कि एकाग्रता और मेहनत की बदौलत सफलता पाई जा सकती है।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र लडवाल और सचिव डॉ. शरद जोशी ने कहा कि सम्मान समारोह के जरिये संस्था प्रतिभाओं को प्रेरित करने का प्रयास कर रही है। संस्था सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेल क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। प्रदेश में 20वें स्थान और जिला स्तर पर इंटर के टॉपर रहे वीवीएमआईसी टनकपुर के छात्र अमित चौड़ाकोटी को 51 हजार रुपये के अलावा प्रशस्ति पत्र दिया गया। दूसरे नंबर पर रहे हर्षदीप जोशी और तीसरे स्थान पर रहे मोहित जोशी को क्रमश: 31 हजार और 21 हजार रुपये दिए गए। प्रदेश में 15वां स्थान पाकर हाईस्कूल की जिला टॉपर वीवीएमआईसी बनबसा की मानसी भट्ट को 31 हजार रुपये, दूसरे नंबर पर रहे जीआईसी भिंगराड़ा के हिमांशु मिश्रा को 21 हजार, वीवीएमआईसी लोहाघाट के प्रदीप पाल, राजकीय हाईस्कूल पल्सों की सुनीता जोशी को 11-11 हजार रुपये दिए गए। स्कूल स्तर पर हाईस्कूल, इंटर परीक्षा में पहले तीन स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में एक कंपनी में 30 लाख डॉलर का पैकेज पाने वाले यशवंत चौधरी ने सफलता की कहानी सुनाई। सीईओ जितेंद्र सक्सेना की अध्यक्षता में राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. भुवन चंद्र जोशी ने संचालन किया।