चंपावत/लोहाघाट। जिले के ग्राम प्रधानों ने मोबाइल मॉनीटरिंग सिस्टम के विरोध में बुधवार को सभी ब्लॉक कार्यालयों में तालाबंदी कर विरोध जताया। प्रधानों ने शीघ्र इस योजना को वापस न लिए जाने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा मोबाइल मॉनीटरिंग सिस्टम लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। छात्र संघ अध्यक्ष मनीष महर के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने भी प्रधानों की मांगों का समर्थन किया है।
चंपावत में ब्लॉक अध्यक्ष सुंदर सिंह नेगी के नेतृत्व में तालाबंदी करने वालों में गिरीश पालीवाल, अर्जुन सिंह, विनोद चौधरी, हरीश चंद्र जोशी, बसंत बल्लभ, लालमणि भट्ट, कमल मेहरा, डिगर सिंह, विजय सिंह राणा आदि ग्राम प्रधान शामिल रहे। बाराकोट में ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सिंह अधिकारी, पाटी में हेम शर्मा, लोहाघाट में भुवन भट्ट के नेतृत्व में एकत्रित ग्राम प्रधानों ने कहा कि ग्राम पंचायत निधि के रूप में दस हजार रुपये की घोषणा के एक वर्ष बीतने के बाद भी शासनादेश लागू नहीं हो पाया है। इस दौरान शिवराज सिंह बोहरा, महेंद्र सिंह, ललित मोहन जोशी, देवेंद्र सिंह, भुवन सुतेड़ी, हुकम सिंह, देव सिंह धौनी, कमल सिंह बोहरा, हेमा तिवारी, रीता देवी, नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।

चंपावत ब्लॉक में तालाबंदी करने के बाद प्रदर्शन करते ग्राम प्रधान। संवाद- फोटो : CHAMPAWAT