टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-चंपावत राजमार्ग के बस्तिया गांव में रविवार रात फिर हाथियों के झुंड ने किसानों के खेतों में घुसकर गेहूं की फसल नष्ट कर दी। ग्राम प्रधान कविता धौनी ने बताया कि हाथियों का झुंड रातभर खेतों में उत्पात मचाता रहा। शोर मचाकर भगाने की कोशिश की गई, लेकिन हाथी नहीं हटे। हाथियों के उत्पात से ग्रामीण पूरी रात डरे-सहमे रहे। खेत खाली होने पर हाथी जंगल की ओर चले गए। उन्होंने बताया कि हाथियों ने अनीता देवी, विजय सिंह, घनश्याम राम, अंबा दत्त, हरिदत्त, नारायण दत्त, गंगा दत्त आदि किसानों की चार बीघा से अधिक फसल रौंदकर नष्ट की है। ग्राम प्रधान कविता, पूर्व प्रधान मिलाप सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता राम सिंह धौनी आदि ने वन विभाग से वन्यजीवों का गांव की ओर प्रवेश रोकने और सोलर फेंसिंग लगाने की मांग की है। पिछले कुछ समय से हाथियों का झुंड लगातार बस्तिया गांव में घुसकर किसानों की फसल तबाह कर रहा है, वहीं ग्रामीणों में जानमाल का भी खतरा है।