लोहाघाट (चंपावत)। नेपाल सीमा से लगे डुंगराबोरा गांव में तेंदुए के युवती को मौत के घाट उतारने के बाद क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। वन विभाग की टीम ने बचाव के कदम उठाने के साथ लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। रविवार को वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए संभावित ठिकाने पर पिंजरा लगाया।
छह नवंबर की शाम खेत में घास काटने गई बसंती देवी (20) पुत्री गंगा सिंह बोहरा को तेंदुए ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। बसंती का शव खेत से कुछ दूरी से बरामद हुआ था। प्रभागीय वनाधिकारी मयंक शेखर झा ने बताया कि पिंजरा लगा दिया गया है। साथ ही तेंदुए की गतिविधियों को जानने के लिए कैमरा भी लगाया जाएगा।
वन विभाग की टीम भी क्षेत्र में निगरानी करेगी। बीडीसी सदस्य दशरथ सिंह, चंद्रकांत तिवारी, खीम सिंह कुंवर, हजारी सिंह, हीरा सिंह, सुंदर सिंह ने शिकारी भेजकर आदमखोर तेंदुए से निजात दिलाने की मांग करते हुए डीएफओ को पत्र भेजा है।