लोहाघाट/पाटी (चंपावत)। सरकार की ओर से राजकीय महाविद्यालयों में छात्र निधि की आधी धनराशि उच्च शिक्षा निदेशालय को स्थानांतरित करने और अशासकीय विद्यालयों को दी जाने वाली अनुदान राशि बंद करने का एनएसएयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया है। आक्रोशित छात्रों ने उच्च शिक्षा राज्यमंत्री का पुतला फूंककर दोनों आदेशों को वापस लेने की मंाग की है। मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
लोहाघाट में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित ढेक के नेतृत्व में छात्रों ने प्राचार्या संगीता गुप्ता के माध्यम से उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया है कि महाविद्यालयों के छात्र निधि की 50 फीसदी राशि छात्र कोष से उच्च शिक्षा निदेशालय को स्थानांतरित करने और राज्य के 18 अशासकीय महाविद्यालयों को दी जाने वाली अनुदान राशि को बंद करना दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि जिस महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं से यह शुल्क लिया जाता है, वह उसी महाविद्यालय के प्रांगण विकास के लिए लिया जाता है। इसका इस्तेमाल कहीं और किया जाना महाविद्यालय और वहां के छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय होगा। 18 सहायता प्राप्त महाविद्यालयों को दी जाने वाली 100 करोड़ की ग्रांट को रोकने के फैसले से इन महाविद्यालयों में तैनात शिक्षकों को कर्मचारियों को वेतन देना मुश्किल हो जाएगा। इधर राजकीय डिग्री कॉलेज देवीधुरा में छात्र महासंघ के सचिव और एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष चेतन चम्याल के नेतृत्व में एनएयूआई कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा राज्यमंत्री का पुतला फूंका। इस मौके पर छात्र संघ अध्यक्ष प्रकाश मेहरा, सुरेंद्र कुमार, गोकुल राम, पवन, रेखा आदि मौजूद रहे।