{"_id":"5edcf9488ebc3e9053290e34","slug":"after-two-half-years-case-register-against-postmaster30","type":"story","status":"publish","title_hn":"...और डाकपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने में लग गए ढाई साल, 3.50 लाख रुपये का किया था गबन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
...और डाकपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने में लग गए ढाई साल, 3.50 लाख रुपये का किया था गबन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी, लोहाघाट (चंपावत)। नेपाल सीमा से लगे लोहाघाट ब्लाक के निडिल शाखा डाकघर के डाकपाल पर सरकारी धन के गबन के मामले में ढाई साल बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। एसपी लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर शनिवार को ये मुकदमा दर्ज किया गया। वैसे आरोपी डाकपाल ने गबन की रकम मामले के उजागर होने पर जमा करा दी थी। मगर अभी वह निलंबित है।
विज्ञापन
लोहाघाट के डाकघर निरीक्षक बृजमोहन सिंह ऐरी ने बताया कि 11 दिसंबर 2017 को निडिल के शाखा डाकपाल भवान सिंह ने डाक थैला काटकर डाकघर के साढ़े तीन लाख रुपये निकाल लिए थे। 12 दिसंबर को डाकपाल को निलंबित करने के बाद उससे गहन पूछताछ की गई थी, तब विभागीय जांच में भवान सिंह ने अपना अपराध कबूल लिया था। ऐरी ने बताया कि डाकपाल के खिलाफ 15 दिसंबर 2017 को पंचेश्वर कोतवाली में तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने तब प्राथमिकी दर्ज नहीं की। अलबत्ता तब बचने के लिए आरोपी ने विभाग में गबन की रकम साढ़े तीन लाख रुपया जमा कर दिया था। विभागीय कार्यवाही के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज होना था। और अब डाक निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने करीब ढाई साल बाद एसपी की पहल पर शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। पंचेश्वर के कोतवाल अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना पंचेेश्वर कोतवाली में धारा 409 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।
विज्ञापन