{"_id":"596e41b94f1c1be2618b47c1","slug":"vehicle-stands-closed-to-hospital","type":"story","status":"publish","title_hn":"वाहन खड़ा कर बंद कर दिया अस्पताल का रास्ता ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वाहन खड़ा कर बंद कर दिया अस्पताल का रास्ता
ब्यूरो/अमर उजाला, बागेश्वर।
Updated Tue, 18 Jul 2017 10:43 PM IST
विज्ञापन
जिला अस्पताल के मुुख्य गेट को पार्किंग स्थल बना दिया है। इसके चलते कई बार अस्पताल में आने वाली एंबुलेंस और मरीजों को लाने वाले अन्य वाहन गेट के अंदर तक नहीं आ पाते। गेट के सामने वाहनों के खड़ा होने से मंगलवार को प्रसव के लिए आई एक गर्भवती महिला आधे घंटे तक अस्पताल के बाहर दर्द से तड़पती रही।
विज्ञापन
मंगलवार को पाटनीगुरना क्षेत्र से प्रसव पीड़ा होने पर एक गर्भवती महिला को परिजन प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल लाए। अस्पताल गेट पर कई वाहन खड़े होने से गर्भवती महिला को काफी समय तक वाहन में ही बैठे रहना पड़ा। एक वाहन अस्पताल के बीच गेट पर ही खड़ा था जबकि उसके चालक का कहीं पता नहीं था।
विज्ञापन
इसी दौरान प्रसव पीड़ा तेज होने पर महिला वाहन से उतरकर अस्पताल की ओर पैदल ही चलने लगी। गेट पर पहुंचते ही महिला दर्द से तड़पने लगी। इसी दौरान प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला पर भाजपा नेत्री नीमा धपोला की नजर पड़ी तो उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों से स्ट्रेचर लाने को कहा।
विज्ञापन
इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने गर्भवती महिला को स्ट्रेचर पर लिटाकर डिलीवरी रूम पहुंचाया। डिलीवरी रूम में पहुंचते ही महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। डॉक्टरों ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
वाहनों के गेट पर खड़ा होने पर जब लोगों ने हंगामा काटना शुरू किया तो पुलिस के आने तक वाहन चालक अपने वाहन को लेकर चुपचाप वहां से निकल गया। इधर अस्पताल परिसर और मुख्य गेट के सामने वाहनों का पार्किंग स्थल बनाने पर लोगों में नाराजगी है।
कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि अस्पताल के गेट पर वाहनों के खड़ा होने की सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजकर वाहनों को हटा दिया गया था। अस्पताल के पास खड़े अधिकांश वाहन मरीजों को लाने या ले जाने वाले ही होते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल गेट के सामने वाहन पार्क करने वालों का चालान किया जाएगा।