बागेश्वर। गरुड़ विकासखंड के पाटली गांव के लोगों ने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाया। आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर संयोजन और पानी वितरण में हो रही अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि योजना के तहत गांव से पलायन कर चुके लोगों के वीरान घरों की पाइप लाइन को भी योजना से जोड़ दिया गया है।
पाटली के ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत कुछ घरों को 40 मिमी की पाइप से सीधे पानी दिया जा रहा है। कई स्थानों पर 15 मिमी की पाइप से 10 से 12 परिवारों को संयोजन दिए गए हैं। कुछ घरों में पहले से ही संयोजन होने के बावजूद नया कनेक्शन जोड़ा गया है। गांव में किसी के पास दो से तीन कनेक्शन हैं तो किसी के पास एक भी नहीं है। कई लोगों को जरूरत से अधिक पानी मिल रहा है, जिसका उपयोग वह अपने खेतों की सिंचाई में कर रहे हैं, जबकि कई लोगों के पास पीने को भी पानी नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि संयोजन में गड़बड़ी के कारण गांव की पेयजल व्यवस्था बिगड़ गई है। इस कारण आए दिन लोगों में वाद-विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने डीएम से पाइप लाइनों में लगे अनावश्यक फेरूल, टी को हटाने, पेयजल योजना की जांच कर सभी परिवारों को बराबर मात्रा में पानी उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर कैलाश चंद्र, चंद्रशेखर जोशी, कमला जोशी, हरीश चंद्र, मोहन चंद्र, धर्मानंद जोशी आदि मौजूद रहे।