बागेश्वर। अवकाश प्राप्त आईपीएस और अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने शनिवार को कांडा और कपकोट क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर जनसमस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। इस दौरान बेमियादी हड़ताल कर रहे एनएचएम कर्मियों ने भी उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसमें नर्सिंग कर्मचारी संगठन ने नर्सेज भर्ती प्रक्रिया का विरोध कर संविदा पर तैनात नर्सों को वर्षवार वरिष्ठता के आधार पर स्थायी करने की मांग की। बताया कि सरकार वर्षों से उपनल संविदा पर तैनात नर्सों को स्थायी नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री ने भी एक साल की सेवा पर स्थायी करने की बात कही थी लेकिन राज्य सरकार संविदा पर तैनात नर्सों को स्थायी करने के बजाय नर्सों की नई भर्ती कर रही है, जो गलत है। पहले संविदा पर तैनात नर्सों को उनका हक दिया जाना चाहिए, उसके बाद बचे पदों पर सीधी भर्ती करनी चाहिए। कहा कि उन लोगों ने कोरोना काल में पूर्ण समर्पण के साथ काम किया है, इसका प्रतिफल मिलना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में हरीश भट्ट, संजय सिंह, खड़क सिंह, भावना, दीपा, अंजू, नीतू आदि थे।