बागेश्वर। युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिले में कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने के लिए शुक्रवार को गांधी पार्क में एक दिवसीय धरना दिया। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री राजेंद्र टंगड़िया भी युवा कांग्रेस को समर्थन देकर धरने पर बैठे। धरना स्थल पर हुई सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों के बीच संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में जरूरी है कि अधिकतर लोगों की कोरोना जांच कराई जाए क्योंकि जिले में 40 हजार से अधिक प्रवासी आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना जांच बढ़ाने से संक्रमितों का समय पर पता चल सकेगा। लोगों के बीच संक्रमण फैलने का खतरा भी कम होगा। उन्होंने शासन और स्वास्थ्य विभाग से जिले में कोरोना जांच बढ़ाने की मांग की है। धरना देने वालों में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दर्शन कठायत, रंजीत दास, सूर्यभान, कुलदीप मेहता, रिजवान खान, धीरज, प्रकाश आदि रहे।