बागेश्वर। हरिद्वार से बागेश्वर पहुंची छड़ी यात्रा रविवार को जिले के कई धार्मिक स्थलों में पहुंची। गंगा स्नान के बाद पवित्र छड़ी पूजन किया गया। छड़ी यात्रा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेम गिरी महाराज और अन्य संतों ने बागनाथ धाम के साथ ही अन्य मंदिरों में पूजा, अर्चना की। रविवार सुबह सरयू पूजन के बाद बागनाथ मंदिर समूह में मौजूद मंदिरों की पूजा, अर्चना की गई। इसके बाद छड़ी यात्रा अन्य मंदिरों को रवाना हुई।
पूजा के दौरान श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा बागेश्वर के श्री महंत शंकर गिरी महाराज, महंत शिव गिरी, महंत भगीरथ गिरी, कोतवाल हेमराज गिरी, दीपक गिरी आदि थे। इस वर्ष कोविड-19 के चलते छड़ी यात्रा में केवल पांच-छह लोग ही शामिल हैं। पिछले साल तक यह आंकड़ा 60 से अधिक रहता था। सोमवार को छड़ी यात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी। बताया गया है कि छड़ी यात्रा एक महीने तक कुमाऊं और गढ़वाल के प्रमुख मंदिरों से होकर हरिद्वार लौटेगी।