ऊधमसिंह नगर: अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत, किसी ने पति तो किसी ने पिता को खोया;
ऊधमसिंह नगर जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसों में किसी ने पति तो किसी ने पिता को खो दिया। दोनों मृतकों के परिवार में पत्नी और दो-दो बच्चे हैं।
विस्तार
ऊधमसिंह नगर जिले में शुक्रवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जगतपुरा निवासी संतोष राय (45) की कार की टक्कर से जान चली गई, जबकि दिनेशपुर के जयनगर निवासी पुष्कर सिंह (45) की स्कूटी को ट्रक ने टक्कर मार दी। दोनों हादसों में दो परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया।
जगतपुरा निवासी संतोष राय शुक्रवार रात बाइक से कालीनगर गए थे। चंडीपुर के सामने एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल संतोष को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
वहीं, दिनेशपुर के जयनगर निवासी पुष्कर सिंह सिडकुल की कंपनी से छुट्टी के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे टाटा इंपेरियल के पास एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुष्कर की मौत से उनकी पत्नी और दो बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया।