{"_id":"58a5df9d4f1c1bab19d8417d","slug":"sub-post-office-server-poor","type":"story","status":"publish","title_hn":"दो सप्ताह से लेन-देन और डाक संबंधी काम ठप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दो सप्ताह से लेन-देन और डाक संबंधी काम ठप
ब्यूरो/अमर उजाला, जैंती (अल्मोड़ा)।
Updated Thu, 16 Feb 2017 10:51 PM IST
विज्ञापन
india post
जैंती (अल्मोड़ा)। तहसील मुख्यालय जैंती में स्थित उप डाकघर में पिछले दो सप्ताह से सर्वर खराब होने के कारण डाक संबंधी सभी कार्य ठप पड़े हैं। इस डाकघर में दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों के लोग डाक संबंधी कार्यों के लिए आ रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इस कारण ग्रामीणों का समय और धन दोनों बर्बाद हो रहा है।
विज्ञापन
जैंती तहसील मुख्यालय में उप डाकघर से बकस्वाड़, भाभू, पुभाऊं, रज्यूड़ा, बिरखम, छाना खरकोटा, बसंतपुर, झालडुंगरा समेत करीब 12 ब्रांच डाकघर जुड़े हैं। उप डाकघर जैंती का सर्वर पिछले दो सप्ताह से खराब पड़ा है। इस कारण बचत खाता, आरडी, एफडी, स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री समेत डाक संबंधी विभिन्न कार्य ठप हैं। इसका असर डाकघर से जुड़े अन्य डाकघरों में भी दिखाई दे रहा है। उप डाकघर जैंती में दूरस्थ क्षेत्रों से लोग आ रहे हैं, लेकिन डाक संबंधी काम नहीं होने से उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है।
विज्ञापन
तहसील के अंतर्गत बिरखम निवासी दीवान सिंह नेगी ने कहा कि डाक संबंधी कार्य के लिए कई बार डाकघर जैंती के चक्कर काटे, लेकिन काम नहीं होने पर बैरंग लौटना पड़ा। दस किमी दूर से आ रहे सूरज नगरकोटी ने बताया कि पिछले दस दिनों में चार बार डाकघर के चक्कर लगाए, लेकिन इसके बाद भी काम नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि डाकघर के चक्कर काटने के बाद भी डाक संबंधी काम नहीं हो पा रहे हैं। इससे जहां समय बर्बाद हो रहा है वहीं किराए के रूप में धनराशि बर्बाद हो रही है।
विज्ञापन