रानीखेत (अल्मोड़ा)। लॉकडाउन के दौरान राज्य स्तरीय ऑनलाइन कविता वाचन और लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें राज्यभर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग कर शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागी बच्चों के लिए रानीखेत में सम्मान समारोह का आयोजित कर उन्हें पुरस्कृत किया गया।
प्रकृत लोक पत्रिका की तरफ से दोनों प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्ग के आधार पर हुईं। इनमें राज्यभर के कई विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। आयोजक विमल सती ने बताया कि सम्मान समारोह में भाग लेने के लिए काफी बच्चे पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन होंगे। छावनी उपाध्यक्ष संजय पंत, पूर्व उपाध्यक्ष मोहन नेगी, पूर्व सभासद उमेश पाठक, प्रधानाचार्या तनुजा जोशी, शिक्षिका मंजरी जोशी आदि ने भी बच्चों के प्रयासों को सराहा। जीजीआईसी द्वाराहाट की प्रधानाचार्या तनुजा जोशी की पुस्तक अक्षरा का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में रमेश जोशी, शेर सिंह राणा आदि समेत प्रतिभागी बच्चों के अभिभावक भी मौजूद रहे।