गरुड़ (बागेश्वर)। प्रांतीय खंड लोनिवि ने बैजनाथ मंदिर के प्रवेशद्वार पर सड़क में बने गड्ढों को मिट्टी और पत्थरों से भर दिया है। अमर उजाला ने 19 फरवरी के अंक में बैजनाथ नगरी में पर्यटकों का स्वागत करते हैं सड़कों के गड्ढे शीर्षक से इस खबर को प्रमुखता से छापा था। इसके बाद हरकत में आए विभाग ने रोड की हालत दुरुस्त करने की दिशा में कुछ प्रयास किए। गड्ढों के भरने के बाद वाहनों को आवागमन में कुछ राहत मिली है। बैजनाथ के ग्रामीणों ने लोनिवि से सड़क में शीघ्र डामर करने की मांग की है।
बैजनाथ मंदिर के प्रवेशद्वार पर जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे हैं। इनके कारण जाम और वाहन दुर्घटनाएं क्षेत्र में आम हैं। बैजनाथ के ग्रामीणों का कहना है कि सड़क में बनें गड्ढों को भरने के संबंध में कई बार लोनिवि के आला अधिकारियों को कह दिया था। ग्रामीणों ने सड़क में बनें गड्ढों को भरने के लिए बैजनाथ में कई बार चक्का जाम भी किया। बैजनाथ के प्रधान राजेंद्र गोस्वामी, बैजनाथ मंदिर समूह के मुख्य सचेतक भगवत गिरी गोस्वामी, जीवन गिरी, मोहन गिरी ने बताया कि ग्रामीणों के आंदोलन के बाद और अमर उजाला में खबर छपने के बाद लोनिवि ने सोमवार को बैजनाथ में सड़क में बने कुछ गड्ढों को भर दिया है।