पड़ोसी पर लगाया अभद्रता का आरोप
भनोली तहसील के कफलनी गांव निवासी एक महिला ने गांव के ही व्यक्ति पर घर में घुसकर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला ने राजस्व पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि गांव का ही प्रयाग दत्त पांडे नशे की हालत में उसके घर में घुस आया। विरोध करने पर आरोपी उसके कपड़े फाड़ दिए।
शोर मचाकर किसी तरह उसने जान बचाई। महिला का आरोप है कि घर से निकलते समय आरोपी सभी परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दे गया है। उसके परिवार को आरोपी से खतरा बना है। राजस्व क्षेत्र कफलनी के उप निरीक्षक नवीन सनवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 457, 354, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।