रानीखेत (अल्मोड़ा)। विकास कार्यों को लेकर पालिकाध्यक्ष के खिलाफ धरने पर बैठे नगर पालिका चिलियानौला के सभासदों का धरना खत्म हो गया है। पालिकाध्यक्ष कल्पना देवी ने मंगलवार को धरने पर बैठे सभासदों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों को पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्यों के जो बांड होने थे, उनमें भी हस्ताक्षर कर दिए गए हैं। कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
अध्यक्ष पर विकास कार्यों में रुचि न लेने का आरोप लगाते हुए नगरपालिका के सभी सभासद सोमवार को यहां पालिका कार्यालय के सम्मुख धरने पर बैठ गए थे। धरना मंगलवार को भी जारी रहा। सभासदों ने कहा कि ढाई साल पालिका गठन को हो गए हैं, लेकिन विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। निविदाएं होने के बावजूद कार्यादेश नहीं किए जा रहे हैं। विकास कार्य न होने के कारण उन्हें जनता के सवालों से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई बार अध्यक्ष को पत्र लिखे गए, लेकिन उनके पत्रों का जवाब तक नहीं दिया जा रहा है। स्ट्रीट लाइटें लगते ही खराब हो गई हैं। काम न होने से सभासद भारी आक्रोश में थे। उनका कहना था कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। दोपहर बाद पालिकाध्यक्ष कल्पना देवी ने सभासदों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि वार्डों में जो भी सोलर लाइटें खराब हैं, उन्हें शीघ्र ठीक किया जाएगा। निर्माण कार्यों के बांडों में हस्ताक्षर कर दिए गए हैं। शीघ्र ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद सभासदों ने धरना समाप्त कर दिया। यहां सभासद नवल पांडेय, उमा रावत, कमला बिष्ट, बीना नेगी, दीपराज, लक्ष्मण सिंह माहरा, अरुण रावत आदि रहे। बाद में सभासद नगर पालिका की ईओ और संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय से भी मिले। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि बातचीत से ही समस्याओं का निराकरण होगा।