ट्रेन से उतरते समय युवक की मौत: जल्दबाजी ने ली जान, ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसा रह गया पैर और फिर...
चुनार मिर्जापुर निवासी संतोष कुमार (36) पटना सिकंदराबाद ट्रेन से सपरिवार आ रहा था। ट्रेन के भुल्लनपुर पहुंचने पर वह हड़बड़ी में उतरने लगा। उसी समय युवक का पैर ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के भुल्लनपुर स्टेशन पर शनिवार की दोपहर सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस से उतरते समय यात्री की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। चलती ट्रेन से उतरते समय वह प्लेटफार्म पर गिरा और ट्रेन की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही यात्री ने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची मंडुवाडीह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया।
मिर्जापुर चुनार थाना अंतर्गत रूदौली निवासी संतोष गुप्ता (36) हैदराबाद में नौकरी करता था। बीमार पिता मोहन गुप्ता और मां के साथ सिंकदराबाद एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। दोपहर में ट्रेन के भुल्लनपुर स्टेशन पहुंचने पर वह अपने पिता को गोद में लेकर प्लेटफार्म पर उतरा और फिर सामान लेने के लिए दोबारा बोगी में चढ़ा।
सामान लेकर उतरते समय ट्रेन खुल गई और हड़बड़ी में कोच से उतरते समय सामान भारी होने से संतोष अनियंत्रित हो गया और प्लेटफार्म पर गिरते हुए ट्रैक के नीचे आ गया। घटनास्थल पर ही संतोष ने दम तोड़ दिया। आंख के सामने बेटे को दम तोड़ता देख बीमार पिता मोहन और मां वहीं अचेत हो गए।
स्टेशन प्रबंधक की सूचना पर पहुंची मंडुवाडीह पुलिस ने ट्रैक से संतोष का शव कब्जे में लेकर ट्रैक खाली कराया। मंडुवाडीह थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि संतोष के रिश्तेदार भी सूचना पाकर पहुंच गए। अविवाहित संतोष के बुआ के लड़के अभिषेक गुप्ता के संग परिजनों को भेजा गया।