Varanasi: अनुपम खेर का युवा कांग्रेस ने किया विरोध, कश्मीरी पंडितों की लाश पर राजनीति नहीं करने की दी नसीहत
वाराणसी के पिशाचमोचन तीर्थ पर अभिनेता अनुपम खेर एक तरफ त्रिपिंडी श्राद्ध कर रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेसियों ने उनका जमकर विरोध किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और वापस जाओ के नारे भी लगाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के पिशाचमोचन तीर्थ पर अभिनेता अनुपम खेर एक तरफ कश्मीरी पंडितों का त्रिपिंडी श्राद्ध कर रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेसियों ने उनका जमकर विरोध किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और वापस जाओ के नारे भी लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि कश्मीरी पंडितों की लाश पर अनुपम खेर राजनीति ना करें।
अगर हिम्मत है तो इस समय कश्मीर जाएं और वहां सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ बैठकर सरकार से अपना हक मांगें। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ कुंवर ने कहा कि आज अनुपम खेर काशी में त्रिपिंडी श्राद्ध कर रहे हैं, हम उनसे पूछना चाहते हैं कि यह त्रिपिंडी किसके लिए है।
1990 में जब कश्मीर में भाजपा की गठबंधन की सरकार थी तब मरे कश्मीरी पंडितों के लिए या जो आज मर रहे हैं उनके लिए। उन्होंने कहा कि यदि आज मरे लोगों के लिए है तो इसका मतलब धारा-370 हटाने का फायदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अनुपम खेर यहां आकर देश और बनारस का माहौल खराब ना करें।
अनुपम खेर बोले- आज भी अपने देश में आतंकियों को दी जाती है क्लीन चिट
अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि कश्मीर के हालात अभी ठीक नहीं है। कश्मीरी पंडितों के जो हालात 32 साल पहले थे आज भी वहीं हैं। कश्मीर में सिर्फ कश्मीरी पंडित ही नहीं बल्कि बहुत सारे ऐसे मुसलमान भी मारे जा रहे हैं जो हिंदुस्तान के बारे में सोचते हैं। बेहद शर्म की बात है कि आज भी अपने देश में आतंकियों को क्लीन चिट दी जा रही है।
बुधवार को पिशाचमोचन तीर्थ पर कश्मीरी पंडितों का श्राद्ध करने आए अनुपम खेर ने कहा कि जब मैं कश्मीर फाइल्स की शूटिंग कर रहा था तो कई कहानियां मेरे सामने आईं थीं। उसी दौरान चंद्रमौलि उपाध्याय की वजह से मुझे इस पूजा के बारे में जानकारी मिली थी। मैंने सिर्फ कश्मीर ही नहीं पूरी दुनिया में आतंकवाद का शिकार हुए लोगों की आत्मा की शांति के लिए त्रिपिंडी श्राद्ध किया है।
कश्मीर के हालात और पलायन के सवाल पर अनुपम ने कहा कि यदि कश्मीर से फिर से पलायन हो रहा है तो उसे आप लोग उजागर करिए। आप अपने सोशल मीडिया पर जाइए और उनको रोकिए। आतंकवाद के खिलाफ बोलिए। कश्मीर में पर्यटक भी काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। मैं सभी से गुजारिश करता हूं कि जो निर्दोष हैं उनको निशाना न बनाया जाए। इसके लिए हम सभी को लड़ना होगा। कश्मीरी पंडितों के साथ होने वाली त्रासदी 32 साल बाद दुनिया के सामने आई है।