विश्व जनसंख्या दिवस: वाराणसी में तीन महीने में 135 महिलाओं ने कराई नसबंदी, सिर्फ एक पुरुष आया सामने
पुरुष नसबंदी अब भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बनी है। कोरोना काल में परिवार नियोजन कार्यक्रम की सफलता चुनौती बन गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जनसंख्या नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से नसबंदी और अन्य परिवार नियोजन के उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। जागरूकता कार्यक्रमों के बाद भी नसबंदी के आंकड़ों में इजाफा नहीं हो पा रहा है। इस साल अप्रैल से जून महीने में वाराणसी में जहां 135 महिलाओं ने नसबंदी कराई है, वहीं केवल एक पुरुष ही इसके लिए आगे आया है। ऐसे में पुरुष नसबंदी अब भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बनी है।
11 जुलाई से शुरू होने वाले जनसंख्या नियत्रण पखवारे के तहत अब शहरी और ग्रामीण इलाकों में लोगों को इसके लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 11 से 31 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। पिछले साल की तरह इस साल भी कोरोना संक्रमण की वजह से नसबंदी सहित जनसंख्या नियंत्रण के लिए जाने वाले कार्यक्रमों, निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने में थोड़ा संकट आया है लेकिन स्वास्थ्य विभाग अब जब कोरोना का संक्रमण कम हो रहा है, तो नए सिरे से जागरूकता में लगा है।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने शनिवार को ऑनलाइन बैठक में तैयारियों का जायजा लिया। सीएमओ ने बताया कि लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस वर्ष इसकी थीम ‘आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की जिम्मेदारी’ तय की गई है। एडिशनल सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में सीएमओ आफिस से जन जागरूकता रैली निकाली जाएगी।
जिला स्तर पर जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा, एलबीएस चिकित्सालय रामनगर, शहरी सीएचसी दुर्गाकुंड में महिला नसबंदी जबकि एसएसपीजी कबीरचौरा, शहरी सीएचसी चौकाघाट, शहरी सीएचसी दुर्गाकुंड में पुरुष नसबंदी की सेवाएँ प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही परिवार नियोजन की अंतराल विधियों (अस्थायी साधनों) की सेवाएं सभी ग्रामीण एवं नगरीय स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रदान की जाएंगी।
नसबंदी कराने पर मिलती प्रोत्साहन राशि
पुरुष नसबंदी पर लाभार्थी को 2000 और आशा को 300 रुपये प्रोत्साहन राशि
महिला नसबंदी(अंतराल)पर लाभार्थी को 1400 रुपये और आशा को 200 रुपये प्रोत्साहन राशि
इसके अलावा बच्चों के बीच अंतराल रखने पर नियमानुसार परामर्श के बाद उपयोग करने पर भी प्रोत्साहन राशि दी जाती है।