वाराणसी: महिला कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता पर दर्ज कराया मुकदमा, गिरफ्तारी और निलंबन की मांग
पीड़ित महिला कर्मचारी के हक के लिए विद्युत मजदूर पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता से मुलाकात कर आपत्ति दर्ज कराई।
विस्तार
विद्युत वितरण खंड प्रथम भेलूपुर में तैनात महिला कर्मचारी विनीता मिश्रा ने अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह के खिलाफ भेलूपुर थाने में दुर्व्यवहार का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित महिला कर्मचारी के हक के लिए विद्युत मजदूर पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता से मुलाकात कर आपत्ति दर्ज कराई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पीड़ित महिला कर्मचारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता की गिरफ्तारी और निलंबन की मांग की। पंचायत के जिलामंत्री राघवेंद्र गोस्वामी ने कहा कि भेलूपुर खंड बनारस का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। जहां पर ईमानदार छवि वाले अभियंता की आवश्यकता है।
उधर भिखारीपुर स्थित संगठन के कार्यालय में हुई बैठक में प्रांतीय अतिरिक्त महामंत्री डा. आरबी सिंह ने कहा कि संगठन के लोगोें का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में आरके वाही, डा. आरबी सिंह, ओपी सिंह, जिउतलाल, विजय सिंह, नरेंद्र शुक्ल, तपन चटर्जी, अंकुर पांडेय, जितेंद्र सिंह, दीपक सिंह आदि शामिल रहे। मुख्य अभियंता ने संगठन को आश्वासन दिया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि हमारे ऊपर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
शिकायतों को अनसुना करने पर कैंट इंस्पेक्टर लाइन हाजिर
वहीं इधर कई माह से लापरवाहियों की अधिक शिकायतें भी मिल रही थी। चौकाघाट के घौसाबाद निवासी बस संचालक और उसके साथियों द्वारा एक दुकान से अवैध वसूली की शिकायत को इंस्पेक्टर ने अनसुना कर दिया। आरोप रहा कि कैंट इंस्पेक्टर ने फरियादियों संग अभद्रता भी की।
मां ने बेटे पर दर्ज कराया धमकी देने का मुकदमा
वाराणसी के हुकुलगंज निवासी धनपत्ती देवी ने अपने पुत्र पर जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि 4 जनवरी को उनके पुत्र रामकेत की मृत्यु हो गई थी। जिसमें परिवार के सभी सदस्य अंतिम संस्कार के लिए गए हुए थे। उसी दौरान मेरा बड़ा पुत्र रामकेश नशे में धुत होकर आया और गाली गलौज करते हुए मारा पीटा। इस दौरान जान से मारने की धमकी दी।
धमकी देने के आरोप में एक और मुकदमा
छेड़खानी के मामले में पीड़ित को धमकाने और परिवार को परेशान करने के आरोप में लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ धमकी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया। पीड़िता की गुहार पर अपर पुलिस आयुक्त अपराध व मुख्यालय सुभाष चंद्र दुबे ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। हुकुलगंज निवासी पीड़िता से दस नवंबर को आरोपी शालू चौरसिया ने छेड़खानी की थी। पीड़िता का आरोप है कि उसी मुकदमे की रंजिश में पीड़िता को धमकी दे रहा है।