फोन कर विवाहिता को परेशान करता था युवक, कोई कार्रवाई न होने पर महिला ने थाने में खाया जहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सोमवार को कई स्थानों पर महिला दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वहीं जमालपुर थाने में चल रहे महिला दिवस कार्यक्रम के दौरान छेड़खानी के मामले में कार्रवाई न होने से परेशान एक विवाहिता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
जहरीला पदार्थ खाने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया है। महिला के पति ने बताया कि एक युवक की छेड़खानी से उसकी पत्नी परेशान चल रही थी।
पुलिस के अनुसार, अदलहाट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती का विवाह जमालपुर थाना क्षेत्र के गांव में हुआ है। विवाहिता को सोनभद्र जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक फोन करके परेशान करता था। विवाहिता ने चार दिन पहले 1090 पर फोन करके इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने सोमवार को महिला दिवस पर उसे थाने बुलाया था। इस दौरान विवाहिता ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
विवाहिता के पति ने बताया कि सोनभद्र निवासी एक युवक पत्नी को दो वर्ष से परेशान कर रहा है। पत्नी को फोन कर अश्लील फोटो होने की बात कर परेशान करता है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। महिला घर से विषाक्त सेवन कर के आई थी।