यूपी पुलिस का हाल, एसएसपी ने जब सुबह 5 बजे बुलाई बैठक तो ऊंघते पहुंचे अधिकतर थानेदार
वाराणसी पुलिस लाइन में बुधवार की सुबह पांच बजे से एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने हकीकत जानने के लिए जब क्राइम मीटिंग बुलाई, तो खुद को सजग बताने वाले थानेदारों की पोल खुल गई और अधिकतर थानेदार ऊंघते हुए पुलिस लाइन सभागार पहुंचे। हालांकि कप्तान को सामने देखते ही थानेदारों की आंखों से नींद गायब हो गई। ऐसा लगा जैसे सभी थानेदार रोजाना सुबह चार या साढ़े चार बजे जाग कर पांच बजे तक मैदान में दौड़ने और व्यायाम करने पहुंच जाते हैं।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने थानेदारों से कहा कि दर्ज मुकदमों की विवेचनाएं लटकाएं नहीं। प्रभावी और पारदर्शी तरीके से लंबित विवेचनाओं को निपटाएं। विवेचनाओं के निस्तारण में जो थानेदार या दरोगा लापरवाही बरतेंगे, वह विभागीय कार्रवाई की जद में आएंगे।
इस दौरान एसएसपी ने थानेदारों को एक-एक हजार रुपये दिए और कहा कि चौराहों पर संभ्रांत लोग मिलें तो उन्हें चाय पिला कर उनका हालचाल लें। कहा कि किसी भी तरह का भ्रष्टाचार और थानों पर मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जो भी पुलिसकर्मी भ्रष्टाचार में संलिप्त मिलेगा, वह निलंबन के साथ ही विभागीय कार्रवाई के लिए भी तैयार रहे। इस दौरान एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण मार्तंड प्रकाश सिंह और एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र के साथ ही सभी क्षेत्राधिकारी और थानेदार मौजूद रहे।