Lock down 2.0: नर्सिंग की छात्रा को कॉपी और किताबें मिलीं तो बोली 'थैंक्यू एसपी सिटी अंकल'
कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए घोषित लॉक डाउन के दौरान लोगों के सबसे अच्छे मददगार के तौर पर पुलिस सामने आई है। भोजन और दवा देने से लेकर पुलिस रोजाना कई तरह से लोगों की मदद कर रही है। मंगलवार को हॉट स्पॉट घोषित वाराणसी के गंगापुर क्षेत्र की नर्सिंग की छात्रा को पुलिस की मदद से कॉपी और किताबें मिलीं तो उसने एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह का आभार जताते हुए थैंक यू अंकल कहा।
निजी नर्सिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. पीयूष यादव के अनुसार बीएससी नर्सिंग दूसरे वर्ष की छात्रा पूर्णिमा राय की किताबें हॉस्टल में छूट गई थीं और नोट्स बनाने के लिए रजिस्टर भी खत्म हो गया था। इन दिनों ऑनलाइन क्लासेज शुरू हैं तो पूर्णिमा परेशान हो गई, क्योंकि उसके असाइनमेंट छूट रहे थे। उसने उनसे अपनी समस्या बताई कि वह गंगापुर क्षेत्र में रहती है, जो कि हॉट स्पॉट इलाका घोषित होने के कारण पूरी तरह से सील है।
डॉ. पीयूष ने कहा कि छात्रा की पढ़ाई से संबंधित समस्या को देखते हुए उन्होंने एसपी सिटी से संपर्क किया। एसपी सिटी ने छात्रा का नंबर लेकर उससे संपर्क किया। इसके बाद जरूरी किताबों और कॉपी का इंतजाम कराकर गंगापुर चौकी प्रभारी के माध्यम से छात्रा के पास भेजा तो वह खुशी से फूली नहीं समा रही थी।
डॉ. पीयूष ने कहा कि उन्होंने वाराणसी पुलिस के इस नेक कार्य के लिए छात्रा, उसके परिजनों और पूरे कॉलेज की ओर से एसपी सिटी का आभार जताया है। इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस जनता की मदद के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है। बस सभी लोग लॉकडाउन का पालन करें। किसी को भी किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।