Weather Update: वाराणसी में लगातार चढ़ रहा पारा, लंबा हो रहा बारिश का इंतजार, आखिर कब बरसेंगे बदरा?
वाराणसी और आसपास के जिलों में लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। सावन में भी बारिश न होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी समेत आसपास के जिलों में बारिश का इंतजार थमने का नाम नहीं ले रहा। सावन के महीने में भी बादल आसमान में खूब उमड़-घुमड़ रहे हैं, लेकिन बरस नहीं रहे। भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। दिन में सूरज की तल्खी के बीच तापमान चढ़ता ही जा रहा है। वाराणसी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार सुबह से तेज धूप निकली है। सुबह 10 बजे तापमान 33 डिग्री रहा। दिन में तेज धूप के बाद दोपहर में बादल छाए रहने और नम हवाओं के चलने की वजह से मंगलवार का मौसम थोड़ा बदला बदला रहा। भीषण गर्मी झेल रहे लोगों ने भी राहत महसूस की। पिछले एक सप्ताह से तेज धूप की वजह से गर्मी अधिक बढ़ गई है।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि अब मानसून की सक्रियता के पूर्वी उत्तर प्रदेश में बढ़ने की संभावना बढ़ गई है। इस वजह से अगले दो से तीन दिन के भीतर रूकरूक कर बारिश के भी आसार हैं। वाराणसी और आसपास में हल्की से तेज बारिश भी हो सकती है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब गंगा के जलस्तर पर भी दिखने लगा है। इस समय दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बारिश हो रही है। कुछ घाटों पर गंगा का पानी सीढ़ियों के करीब पहुंच गया है। बढ़ोतरी की यही स्थिति रही तो जल्द ही सीढ़ियाें पर भी पानी पहुंच सकता है।
पिछले एक सप्ताह से गंगा के जलस्तर में वृद्धि की खबर के बाद से जिला प्रशासन भी अलर्ट पर है। जिले में नदी किनारे के इलाकों में बाढ़ चौकियां बनाने के साथ ही सभी तैयारियां भी कराई जा रही हैं। केंद्रीय जल आयोग के वाराणसी कार्यालय के अनुसार, गंगा का जलस्तर मंगलवार शाम छह बजे तक 60.04 मीटर पर था। अधिकारियों के अनुसार, गंगा में अभी बढ़ोतरी जारी रहेगी। बता दें कि वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.26 है और खतरे का निशान 71.26 है।