Weather Update: वाराणसी में बादलों के साथ दिन की शुरुआत, दोपहर बाद झमाझम बारिश के आसार
वाराणसी समेत आसपास के जिलों में बादलों की सक्रियता का रुख बना हुआ है। बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बरसात हो सकती है।
विस्तार
मानसूनी सक्रियता के बीच वाराणसी समेत आसपास के जिलों में हर दिन मौसम अलग रंग दिखा रहा है। बुधवार सुबह की शुरुआत हल्की बूंदाबांदी से हुई। सुबह से ही सूरज बदलों की ओट में छुपा है, जिससे मौसम सुहाना है। दोपहर बाद झमाझम बारिश के आसार है। वहीं मंगलवार को दिनभर तेज धूप और उमसे से बेहाल रहे। इससे पहले सोमवार को दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही थी।
बुधवार सुबह से नम हवाओं के चलने और बादलों की आवाजाही से तापमान गिरा है। गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। कहीं-कही हल्की बूंदाबांदी की भी सूचना है। सुबह नौ बजे तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दोपहर बाद कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
मौसम विभाग ने बादलों की और सक्रियता की उम्मीद इस सप्ताह जताई है। वहीं अगस्त माह के पहले पखवारे में पर्याप्त बारिश के संकेत दिए हैं। वातावरण में नमी का पर्याप्त असर होने के साथ ही तापमान में कमी का दौर भी अब शुरू हो चुका है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.8 जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकांश समय तेज धूप के कारण लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि मानसून की द्रोणिका अब ऊपरी सतह पर आ गई है। ऐसे में 27 से 30 जुलाई तक अच्छी बारिश के आसार हैं।
दो सेमी हर घंटे बढ़ रहा गंगा का जलस्तर
पहाड़ों पर हो रही बरसात से गंगा में पिछले कई दिनों से बढ़ाव जारी है। हर दिन घाटों का संपर्क टूटता जा रहा है। मंगलवार शाम को गंगा आरती स्थल तक पानी आने के बाद आरती स्थल बदल दिया गया। बुधवार सुबह 8 बजे तक गंगा का जलस्तर 63.54 मीटर दर्ज किया गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा के जलस्तर में दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ाव दर्ज किया गया है। गंगा घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं और बोटिंग करने वालों पर पुलिस द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है।