Weather Update: 26.8 डिग्री पारा, प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म रात वाला शहर हुआ बनारस; बारिश का यलो अलर्ट जारी
बनारसवासी तीखी धूप की मार झेलने लगे हैं। घाटों से लेकर पर्यटन स्थलों तक दिन चढ़ते ही सन्नाटा पसर जा रहा है। वहीं, माैसम विभाग ने जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
Weather Update: तेज पुरवा हवाओं से काशी में उमस भरी गर्मी का सितम शुरू हो गया है। दिन का अधिकतम तापमान तो 38.2 डिग्री गया, लेकिन हवा में नमी 75 प्रतिशत को पार कर गई। वहीं रात का शहर में पारा सामान्य से 5.6 डिग्री ऊपर चढ़कर 26.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
पूरे प्रदेश भर में गौतम बुद्ध नगर के बाद दूसरी सबसे गर्म रात काशी की रही। इससे पहले मंगलवार को भी काशी में रात का न्यूनतम पारा छह डिग्री बढ़कर 25.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।
बुधवार को 11 घंटे की चिलचिलाती धूप ने काशीवासियों की हवा खराब कर दी है। वहीं पूरे दिन भर 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से बही पुरवा हवा भी गर्मी का कहर बरपाती रही।
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जिले और आसपास आज और कल दोनों दिनों के लिए बिजली कड़कने और बादल गरजने के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पुर्वानुमान ये भी है कि दो दिन के बाद भी अगले तीन दिनों तक जिले पर बादल मंडरा सकते हैं।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की नई शाखा यूपी के उत्तर में हिमालय को छूकर आ रही है। इसका असर गुरुवार की शाम तक काशी में भी देखने को मिल सकता है। तेज हवा के बाद बूंदाबांदी की संभावना बन रही है। हवा में नमी रहेगी।
प्रो. श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ समय-समय पर आते ही रहते हैं। कुछ-कुछ दिन में तापमान बढ़ेगा, फिर नीचे गिरेगा। यह सिलसिला चलता रहेगा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि मंगलवार के बाद पूर्वा हवा चलेगी। बादल आएंगे और तापमान गिरेगा।