Weather Update: वाराणसी में फिर उमस और गर्मी से छूटने लगे पसीने, धूप-छांव के बीच बढ़ने लगा तापमान
वाराणसी में पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद मौसम बदल गया है। अधिकतम तापमान एक बार फिर बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि 20 अगस्त के बाद फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
विस्तार
वाराणसी समेत आसपास के जिलों में एक बार फिर से उमस और गर्मी से पसीने छूटने लगे हैं। धूप-छांव के खेल के बीच तापमान भी बढ़ने लगा है। सोमवार सुबह से तेज धूप निकली है। हवा की रफ्तार बेहद कम है। रविवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 35.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था जबकि न्यूनतम तापमान भी 27.5 पहुंच गया था। आसमान में बादल छा तो रहे हैं लेकिन बिना बारिश के आगे बढ़ जा रहे हैं। लोगों को मौसम सुहावना होने की उम्मीद तो मिल रही है लेकिन बारिश नहीं हो रही है।
अगस्त के शुरुआत से ही मौसम खुशनुमा बना हुआ था। तेज हवा के साथ ही अच्छी बारिश होने की वजह से तापमान कम होकर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस कारण गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की और रात में सिहरन जैसा भी अहसास होने लगा। अब एक बार फिर मौसम में बदलाव हो गया।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार दो दिन बाद नम हवाओं के साथ ही बारिश के आसार हैं। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज पांडेय के अनुसार दो दिन तक तो मौसम ऐसे ही रहेगा लेकिन इसके बाद बारिश के आसार हैं।
गंगा के जलस्तर में गिरावट, जलमग्न हैं 84 घाट
गंगा के जलस्तर में गिरावट पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है। हालांकि, गिरावट के बाद भी 84 घाट अभी भी पानी में डूबे हुए हैं। अस्सी से नमो घाट के बीच सभी का आपसी संपर्क टूटा हुआ है। गंगा और वरुणा का जलस्तर तेजी से घट रहा है लेकिन गंगा किनारे और तटवर्ती इलाकों में रहने वाले अब भी सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि इधर बीच गंगा का जलस्तर जिस तरह से बढ़ और घट रहा है उससे वर्ष 2017 की बाढ़ का मंजर याद आ रहा है। लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। गंगा में चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का निशान 71.262 मीटर है। एनडीआरएफ व जल पुलिस की टीम को भी सतर्क रहने को कहा गया है।