विश्वनाथ मंदिर के महंत आैर मेयर की पत्नी का नाम गायब
भगवानदास कॉलोनी, गांधीनगर कॉलोनी के लोग जब नगर निगम केंद्र पर वोट डालने पहुंचे तो उनका नाम ही वोटर लिस्ट में नहीं मिला। लोग इस केंद्र पर दोबारा मतदान की मांग कर रहे थे। अधिकारियों से लिखित शिकायत की। कैंटोनमेंट स्थित कई बूथों पर परिवार के आधे सदस्यों के नाम नहीं थे। रामनगर में 39 बूथों पर कई लोगों का नाम लिस्ट मे नहीं था, वे नाराज दिखे। उधर, रमना ग्राम प्रधान आरती पटेल का नाम सूची में नहीं था।
पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में हिरावनपुर के बूथ 332 पर महेंद्र पाठक, इंद्रजीत, सीमा, दीपांजलि, सरिता, दीपक पाठक वोटर कार्ड लेकर बूथ पर पहुंचे लेकिन नाम सूची में नहीं था। लोग हंगामा करने लगे। पुलिस को देख वापस चले गए।
आदर्श मतदान केंद्र नरोत्तमपुर के सिहोरवा में मतदाता सूची में नाम न होने पर सुनील सिंह, भूपेंद्र सिंह, कन्हैया और गोपाल सहित अन्य लोगों ने हंगामा किया। बीएलओ पर कार्रवाई की मांग की। कुछ ऐसी ही शिकायत भवानीपुर और गोविंदपुर गांव से भी आई। जंसा के चकपतेर में वोटर लिस्ट में नाम न होने पर लोगों ने हंगामा किया।
उधर, नवापुरा के संतोष शहर उत्तरी के बूथ नंबर 178 पर वोट देने पहुंचे तो नाम ही सूची में नहीं था। फुलवरिया के पलही के पुरा बूथ पर पहुंची सलमा बेगम के नाम पर वोट पड़ चुका था। चांदपुर के सरस्वती पीजी कॉलेज पर पहुंचे योगेंद्र पटेल के नाम पर भी कोई और वोट देकर चला गया था।