दूरदर्शन यूपी और स्वयंप्रभा चैनल पर कक्षा 9वीं से 12वीं की वर्चुअल कक्षाएं कल से,सवाल पूछने की भी होगी सुविधा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना काल में बंद चल रहे स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से दूरदर्शन और स्वयं प्रभा चैनल की ओर से 24 से 28 अगस्त तक के ऑनलाइन क्लास का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसमें सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक 9 से 12वीं तक की क्लास चलेगी जबकि शनिवार को छात्र-छात्रा शिक्षकों से विषयों के बारे में अन्य जानकारी हासिल कर सकते हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से प्रधानाचार्यों को इसका पत्र भेजकर नियमित मॉनिटरिंग करते रहने को कहा गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से इसे वर्चुअल क्लास नाम दिया गया है।
कक्षा 9-11 के छात्र-छात्राओं की क्लास स्वयंप्रभा चैनल पर जबकि यूपी बोर्ड के 10 और 12वीं के छात्र-छात्राओं की क्लास दूरदर्शन उत्तर प्रदेश द्वारा प्रसारित कार्यक्रम के माध्यम से चलेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजयप्रकाश सिंह ने बताया कि जो छात्र दूरदर्शन पर कार्यक्रम नहीं देख पाएंगे उनके लिए यूट्यूब के माध्यम से भी माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा पूरा कार्यक्रम उपलब्ध कराया जाएगा। जो कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर भी रहेगा।
सुबह 11 बजे से 6.30 बजे तक चलेगी क्लास
दूरदर्शन उत्तर प्रदेश पर चलने वाली क्लास सुबह 11 बजे से शाम 6.30 बजे तक होगी। इसमें यूपी बोर्ड के दसवीं के विद्यार्थियों के लिए 1:30 बजे से 6:30 बजे तक और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 1 बजे से 6 बजे तक आधे-आधे घंटे की क्लास चलेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि इसमें कक्षा 9 के लिए 11 से 12 के बीच में आधे-आधे घंटे की दो क्लास और 11वीं के लिए 11:30 से 1 तक के आधे-आधे घंटे के तीन क्लास होंगे।
यह भी जानना जरूरी
- स्वयंप्रभा, दूरदर्शन के माध्यम से महीने के अंत में मूल्यांकन के लिए प्रश्न भी दिए जाएंगे। प्रश्नों का उत्तर विद्यार्थी व्हाट्सएप के माध्यम से शिक्षकों को देंगे।
- जो छात्र व्हाट्सएप के माध्यम से उत्तर नहीं भेज सकते हैं उनके लिए विद्यालय में रखे ड्रॉप बॉक्स में अभिभावक उत्तर डाल सकेंगे।
- मॉनिटरिंग के ब्लॉक और जिले स्तर पर नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।
- विषय से जुड़े शिक्षक भी स्वयं प्रभा चैनल,दूरदर्शन पर होने वाले विषय से संबंधित लेक्चर और वीडियो को देखेंगे और प्रधानाचार्य पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग करेंगे।
- शनिवार को शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान व्हाट्सएप और फोन के माध्यम से किया जाएगा।
- ऐसे विद्यार्थी जिनके पास टेलीविजन और ऑनलाइन शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है उनके लिए दूरस्थ शिक्षा से संबंधित पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।