वाराणसी: उड़ान भरते समय हवाई जहाज का टायर फटा, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरते समय सोमवार को स्पाइसजेट एयरलाइंस के विमान का टायर फट गया। इसकी सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। आननफानन में एटीसी ने सूचना प्रसारित की तो अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई, तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली।
बाबतपुर एयरपोर्ट से सुबह 9:10 बजे स्पाइसजेट एयरलाइंस का विमान एसजी 972 अहमदाबाद के लिए 84 यात्रियों को लेकर उड़ान भरने जा रहा था। रनवे पर तेज आवाज के साथ टायर फट गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता विमान उड़ान भर चुका था। रनवे पर रबर फैले होने की जानकारी एटीसी के अधिकारियों को दी गई। इस पर एटीसी के अधिकारी आरपी निगम सहित अन्य कर्मचारी पहुंचे और रनवे पर बिखरे रबर को हटवाया। साथ ही स्पाइसजेट के इंजीनियर को बुलाया।
इंजीनियर ने बताया कि विमान के पहिये का रबर फैला हुआ है और लैंडिंग के समय समस्या हो सकती है। इंजीनियर से मिली जानकारी के आधार पर अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सभी आपातकालीन सेवाओं को एलर्ट कर दिया गया और दोपहर 11:05 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। तब जाकर वाराणसी व अहमदाबाद एयरपोर्ट के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
विमान हो सकता था क्रैश
लैंडिंग करते समय विमान की रफ्तार काफी अधिक होती है। पहिये का रबर निकल जाने के कारण लैंडिंग के दौरान विमान का बैलेंस बिगड़ सकता था और वह क्रैश हो सकता था। हालांकि एटीसी, पायलट और अन्य अधिकारियों की सजगता के चलते हादसा बच गया।
अहमदाबाद पहुंचे यात्रियों ने फोन पर बताया कि बाबतपुर एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले ही टायर फटने जैसी तेज आवाज सुनकर उन्होंने पायलट को जानकारी दी, लेकिन पायलट और क्रू मेंबर का कहना था ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। जब विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरा तो ऐसा लगा कि मौत के मुंह से बच कर आए हैं।
पखवारे भर में तीसरी घटना
बीते 18 अक्तूबर को वाराणसी से नई दिल्ली जा रहे इंडिगो के विमान 6-ई 853 के इंजन दो के पंखे में पक्षी टकरा कर फंस गया था। इस वजह से पंखे का ब्लेड मुड़ गया था। विमान में 175 यात्री सवार थे। उड़ान भरने के 15 मिनट बाद पायलट को जैसे ही जानकारी हुई उसने बिना समय गवाएं एटीसी से संपर्क कर बाबतपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई। इसी तरह लगभग दो सप्ताह पहले एक विमान के बाएं डैने से एक गिद्ध टकरा गया था।