काशी में उपराष्ट्रपति का दूसरा दिन: बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दरबार में टेका मत्था, दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल पहुंचे
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू शुक्रवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर काशी पहुंचे हैं। शुक्रवार शाम गंगा आरती देखी। शनिवार सुबह काशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव के दरबार में मत्था टेका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर वाराणसी पहुंचे उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शनिवार सुबह बाबा विश्वनाथ और काशी के कोतवाल के दरबार में मत्था टेका। इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल साथ रहीं। मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद उपराष्ट्रपति पड़ाव स्थित पं. दीनदयाल स्मृति स्थल पहुंचे। उनके साथ राज्यपल आनंदी बेन पटेल, प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और मंत्री रविंद्र जायसवाल और मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु भी मौजूद रहे।
इससे पहले रात्रि विश्राम के बाद सुबह 9.10 बजे उपराष्ट्रपति अपने परिवार के साथ बरेका गेस्ट हाउस से काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए निकले। उनका काफिला तय समय से कुछ देरी से बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचा। रेड कारपेट से होते हुए उपराष्ट्रपति बाबा के गर्भगृह में पहुंचे। मंदिर के प्रधान अर्चक ने विधि-विधान से पूजा करवाई। इस दौरान उपराष्ट्रपति ने लोक कल्याण और भारत के कल्याण के लिए बाबा से प्रार्थना की।
काशी विश्वनाथ धाम की छटा देख अभिभूत हुए उपराष्ट्रपति
इसके बाद उन्होंने सपत्नीक बाबा के नव्य और दिव्य धाम को निहारा। काशी विश्वनाथ धाम की छटा देख अभिभूत नजर आए। उन्होंने साथ चल रहे अधिकारियों से इसकी जानकारी ली और कहा कि यह दृश्य अकल्पनीय है। विश्वनाथ मंदिर से उपराष्ट्रपति का काफिला काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचा। यहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। इस दौरान महंत नवीन गिरी ने उनकी पूजा संपन्न कराई।
उपराष्ट्रपति ने बाबा कालभैरव को परंपरानुसार तेल अर्पित किया और देश में सुख शांति की प्रार्थना की। यहां से उनका काफिला पड़ाव स्थित पंडित दीन दयाल स्मृति उपवन स्थल पहुंचा। स्मृति स्थल पर माल्यार्पण के बाद बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे। गेस्ट हाउस में आराम करने के बाद शाम को लालबहादुर शास्त्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
इसके बाद यहां से शमशाबाद हैदराबाद एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। उपराष्ट्रपति ने रात्रि प्रवास बरेका गेस्ट हॉउस के वीआईपी कक्ष में किया। रात्रि भोजन में उन्हें दाल फ्राई, मटर पनीर, भिंडी की सब्जी और कुंदुरु की सब्जी, तवा रोटी के साथ में सांभर परोसा गया।
सजा दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल, बिछा रेड कारपेट
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने पड़ाव स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के सामने शीश झुकाया। उपराष्ट्रपति पंडित दीनदयाल की प्रतिमा के दर्शन के साथ ही भित्ति पर अंकित चित्रों के माध्यम से उनके जीवन दर्शन से रूबरू हुए। स्मृति स्थल में रेड कारपेट बिछाया गया वहीं दो गोल्फ कार्ट गाड़ियां भी मंगाई गई। जिससे उपराष्ट्रपति ने भ्रमण किया।
पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन चरित्र पर बनी थ्रीडी फिल्म का अवलोकन किया और परिसर में बने संग्रहालय को भी देखा।
उपराष्ट्रपति ने किया मां गंगा का दुग्धाभिषेक, लिया आशीर्वाद
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू शुक्रवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर काशी पहुंचे। गंगा आरती के दौरान उपराष्ट्रपति भक्ति भाव से सराबोर नजर आए। हाथ जोड़े मां गंगा की आरती को अपलक निहारते उपराष्ट्रपति ने माता गंगा से संपूर्ण राष्ट्र की सुख-शांति की कामना की। गंगा घाट पर काशीवासियों ने भी हर-हर महादेव के अभिवादन के साथ उपराष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया। 55 मिनट तक चली आरती के दौरान उपराष्ट्रपति अपलक आरती व मां गंगा को निहारते रहे।