Varanasi News: नवरात्र के पहले दिन से NH-2 पर नए टोल प्लाजा से गुजरेंगे वाहन, जाम से मिलेगी मुक्ति
वाराणसी को बिहार से जोड़ने वाले एनएच-2 पर नवरात्रि के प्रथम दिन पुराने टोल प्लाजा से लगभग 150 मीटर दूरी पर बनाए गए नए टोल प्लाजा पर शिफ्ट कर दिया जाएगा।
विस्तार
नेशनल हाईवे-2 स्थित वाराणसी के डाफी टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से निजात के लिए दोगुना क्षमता के लेन की शुरुआत होने वाली है। नवरात्र के पहले दिन से 16 लेन के इस प्लाजा से वाहनों का आवागमन शुरू होगा। समय की बचत के लिए आधुनिक ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन सिस्टम (एएनपीआर) कैमरे लगाए गए हैं। इसमें फास्टैग के साथ ही वाहनों के नंबर को कैमरा रीड कर लेगा।
वाराणसी को बिहार से जोड़ने वाले एनएच-2 पर नवरात्रि के प्रथम दिन पुराने टोल प्लाजा से लगभग 150 मीटर दूरी पर बनाए गए नए टोल प्लाजा पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसको देखते हुए अब नए प्लाजा पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दरअसल, वर्तमान में सात लेन के इस प्लाजा में अक्सर लंबा जाम लगता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए नए प्लाजा पर अब 16 लेन बनाए गए हैं।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नया प्लाजा
16 लेन में 8 लेन प्रयागराज से बिहार जाने के लिए है और 8 लेन बिहार से प्रयागराज जाने के लिए हैं। इसमें बीच की दो लेेन रिजर्व रखी जाएगी और जाम की स्थिति में जिस लेन में दबाव बढ़ेगा, उधर के लिए दोनों लेन खोल दी जाएगी। टोल प्लाजा के मैनेजर मनीष सिंह ने बताया कि नया प्लाजा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
नए प्लाजा पर हाई रेजुलेशन कैमरे के साथ एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन सिस्टम) कैमरे लगाए गए है, जो फास्टटैग के साथ अब नंबर प्लेट को भी रीड करेगा। पहले गाड़ी के नंबरों को मैनुअली सिस्टम में अपलोड करना पड़ता था। लेकिन एएनपीआर कैमरे से ऑटोमैटिक ही सिस्टम पर अपलोड हो जाएंगे, जिससे समय की बचत होगी।