Varanasi Top News: एनडीआरएफ ने बचाई दो महिला श्रद्धालुओं की जान, पढ़ें- सुर्खियों में रहने वाली प्रमुख खबरें
Varanasi Top News: वाराणसी जिले में कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें क्राइम व कोर्ट से जुड़ी कई खबरें चर्चा में रहीं। वहीं माघ पूर्णिमा पर एनडीआरएफ ने दो महिला श्रद्धालुओं की जान बचाई।
विस्तार
एनडीआरएफ ने बचाई दो महिला श्रद्धालुओं की जान
एनडीआरएफ ने बुधवार को गंगा में डूब रहे दो महिला श्रद्धालुओं की जान बचाई है। इनमें बरेली की शानू पाल (25) और राजस्थान की पूनम (40) का नाम शामिल है। एनडीआरएफ की तरफ से बताया गया कि शानू मणिकर्णिका घाट पर स्नान कर रही थीं और अचानक गहरे पानी में चली गईं। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो एनडीआरएफ के जवान पहुंच गए। इसी तरह राजस्थान की चौसट्ठी घाट पर गंगा में स्नान करते समय डूबने लगी थीं।
पुश्तैनी जमीन के पैसे मांगने पर पिटाई, मुकदमा दर्ज
कूड़ी बाजार निवासी संजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। संजय कुमार मोदनवाल ने तहरीर में बताया कि भाई रमेश चंद्र और भतीजे सतीश चंद्र ने पुश्तैनी जमीन की बिक्री पर पांच लाख रुपये लिए थे। जब जमीन के पैसे में हिस्सा मांगा तो उन्होंने पिटाई कर दी। गंभीर चोट भी आई है। उन्होंने पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
सवारी बिठाने पर बस चालक को पीटा, तोड़फोड़, आठ पर केस
मिर्जामुराद क्षेत्र के एक इंस्टिट्यूट के पास हाइवे पर पुणे (महाराष्ट्र) जा रही सवारी बस को मनबढ़ों ने रोककर चालक की पिटाई की। विरोध करने पर बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित चालक ने बुधवार को एक नामजद व आठ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। राजस्थान के आनंदपुर थाना क्षेत्र के ब्यावर निवासी जीवन राय ने बताया कि वाराणसी से सवारियों को लेकर पुणे महाराष्ट्र जा रहा था। भीगीपुर में हाईवे पर बस रोककर 8 से 10 मनबढ़ों ने सवारी उठाने का विरोध करते हुए मारपीट की। आभा ट्रैवल्स के विकास दुबे समेत आठ के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
दहेज हत्या में दोषी पति को 10 साल, देवर-सास को सात-सात साल की सजा
अपर जिला जज चौदहवां फाइनेंस एफटीसी मनोज कुमार की अदालत ने दहेज हत्या के मामले में पति अनुराग पांडेय को दोषी पाते हुए 10 साल और देवर आयुष, सास सुनीता को सात-सात साल की सजा सुनाई है। साथ ही सात-सात हजार का जुर्माना भी लगाया है। अभियोजन पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता ने पैरवी की। सतीश चंद्र उपाध्याय ने मंडुवाडीह थाने में 13 जुलाई 2019 को रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर में कहा कि भतीजी अंजुला पांडेय की विदाई के बाद से ससुराल वाले दहेज के रूप में एक लाख रुपये व स्कॉर्पियो की मांग कर रहे थे। नहीं मिलने पर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। 12 जुलाई को सास सुनीता ने फोन पर बताया कि अंजुला ने फंदे से लटक कर जान दे दी है। मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो देखा कि अंजुला का शव बेड पर पड़ा था। उसके बाद मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी पति बरेका में कर्मचारी था। ब्यूरो
धोखाधड़ी कर जमीन पर नाम चढ़वाने के मामले में जमानत अर्जी खारिज
धोखाधड़ी कर जमीन पर नाम चढ़वाने के मामले में विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) शैलेंद्र सिंह की अदालत ने ईश्वरगंगी, जैतपुरा निवासी आरोपी श्रीनारायण सिंह की जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोप था कि वादी पवन सिंह ने आराजी नंबर 308 व 437/2 की भूमि पर आरोपी ने कूटरचित दस्तावेज की मदद से तहसील से अपना नाम चढ़वा लिया था। इसकी जानकारी वादी को उस समय हुई जब कब्जा लेने पहुंचा। इसके बाद वादी ने प्रार्थना पत्र दिया। नायब तहसीलदार ने विचारण के दौरान पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर आरोपित का नामांतरण निरस्त कर दिया। वादी ने सारनाथ थाने में मुकदमा दर्जी कराया था।
महिला अधिवक्ता ने सिंधोरा थाना प्रभारी समेत अन्य के खिलाफ दाखिल किया वाद
घर में घुसकर मारपीट व लूट के मामले में अधिवक्ता हीना राय ने विशेष न्यायाधीश अनुसूचित जाति/जनजाति देवकांत शुक्ला की अदालत में वाद दाखिल किया है। जिसमें ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेमहंस चौबे, सिंधोरा थाना प्रभारी, दरोगा मिथिलेश प्रजापति और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
इंस्टीट्यूट संचालक ने छात्र के खिलाफ दर्ज कराया केस
भेलूपुर के जवाहर नगर कॉलोनी की रहने वाली इंस्टीट्यूट संचालिका ने छात्र के खिलाफ गालीगलौज, दुष्कर्म की धमकी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार, वह एनिमेशन का इंस्टीट्यूट चलाती है। रोहनिया बच्छांव, मीरापुर निवासी उमेश कुमार बिंद पढाई करता है। वह कुछ दिनों से काउंसलर और शिक्षक को अपशब्द और गालीगलौज कर रहा है। साथ ही दुष्कर्म की धमकी देता है।
मारपीट के मामले में चार लोगों पर मुकदमा दर्ज
घमहापुर निवासी अनिल पटेल की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट के मामले में रामलखन सिंह सहित तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अनिल पटेल ने तहरीर में बताया कि लाइट की बुकिंग के लिए फोन आया था। फोन करने वाले ने परमानंदपुर लोढ़ान के एक कॉलेज के पास बुलाया। पहले से मौजूद जीजा रामलखन सिंह सहित तीन ने पिटाई कर दी। बेहोश हो गया। कुछ देर के बाद होश आया तो नजदीकी चिकित्सालय में इलाज करवाया। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हत्या के मामले में संदिग्धों को उठाया, पुलिस खंगाल रही सीडीआर
कोटवा डिहवा के भैयालाल पटेल की हत्या के मामले में पुलिस की तीन टीमें तफ्तीश कर रही हैं। मोबाइल सीडीआर, सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य करीबियों से भी पूछताछ हो रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। कोटवा पुलिस चौकी के पास मंगलवार सुबह भैयालाल का अधजला शव सरसों के खेत में मिला था। हत्या के बाद शव को कमर से ऊपर तक जलाया गया था, ताकि शिनाख्त न हो सके।
हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने कोटवा-लहरतारा मार्ग चक्का जाम कर दिया था। पुलिस और विधायक सुनील पटेल के समझाने पर पांच घंटे बाद ग्रामीण माने। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने परिजनों को सौंपा। कोरौता घाट पर उसका दाहसंस्कार किया गया। मुखाग्नि पुत्र सूरज ने दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया की कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
माघ पूर्णिमा पर गंगा में डूबा युवक, खोजबीन जारी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा कलां शिवदशां घाट पर बुधवार सुबह माघ पूर्णिमा स्नान के दौरान युवक गंगा में डूब गया। गोताखाेरों और एनडीआरएफ की ओर से खोजबीन की जा रही है। आशुतोष उर्फ किशन तिवारी (30) सुबह नहाने के लिए शिवदशां घाट पर पहुंचा। इस बीच वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबते देख नाविकों ने शोर मचाया और गंगा में छलांग लगाई, लेकिन तब तक किशन डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के नाविकों और गोताखोरों की मदद से खोजबीन की। देर शाम एनडीआरएफ के गोताखोरों को भी बुलाया गया। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। दो भाइयों में सबसे छोटे किशन को एक साल की बेटी है। पत्नी सृष्टि अचेत हो गई, किसी तरह से परिजनों ने उसे संभाला।
चलते ट्रक में पीछे से टकराया क्रूजर, महिला समेत 9 दर्शनार्थी घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के भीखीपुर गांव के नेशनल हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास बुधवार को दर्शनार्थियों से भरी क्रूजर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे में महिला समेत नौ श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को पुलिस ने बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। महाराष्ट्र के लातूर जिले के 12 से अधिक दर्शनार्थियों का दल प्रयागराज आया था। महाकुंभ के बाद सभी क्रूजर से काशी आ रहे थे। भीखीपुर के पास अचानक क्रूजर चालक ने नियंत्रण खो दिया और पीछे से ट्रक में टकरा गया। दत्ता प्रस्वामी (55), जीवन मैन चट्टे (54), शिव कांता (40), भारतीय गोखले (45), लक्ष्मी मड़पती (42), शशिकला (44), शकुंतला (46), कुसुम पुदाले (60), संजीता (52) घायल हो गए। सभी लातूर महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।
छात्रवृत्ति में फीस से ज्यादा पैसा भरने पर 150 फॉर्म रुके
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में एक वर्ष की फीस 480 रुपये है, लेकिन विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति फॉर्म भरते समय फीस 600, 1000 तक भर दी। इसकी वजह से लगभग 150 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति का फॉर्म वापस कर दिया गया है। वहीं 250 से अधिक फॉर्म सही होने की वजह से संयुक्त निदेशक कार्यालय को भेज दिया गया है। जिन विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति फॉर्म में फीस से ज्यादा भर दिया है उनको करेक्शन के लिए कहा गया है। उसके बाद ही फॉर्म भेजा जाएगा, अगर समय रहते विद्यार्थियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया तो उनकी छात्रवृत्ति रुक सकती है।
महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ेगा निफ्ट
वाराणसी। राष्ट्रीय फैशन आद्योगिक संस्थान निफ्ट स्वंय सहायता समूह में हैंडलूम से जुड़े काम करने वाली महिलाओं को तकनीकी तौर पर ही सशक्त करने के लिए उन्हें प्रशिक्षण देगा। इसके लिए निफ्ट ने राष्ट्रीय आजीविका मिशन को प्रपोजल दे चुकी है। समूह की कई महिलाएं हैंडलूम से जुड़े बैग बनाना, साड़ी बनाना जैसे काम कर रही हैं। कुछ महिलाएं तो लखपति दीदी से जुड़ी हुई हैं, लेकिन कुछ महिलाएं खुद के लिए बेहतर मौका तलाश रही हैं। इन सभी महिलाओं को निफ्ट डिजाइनिंग, मार्केटिंग की भी जानकारी देगा। निफ्ट की कैंपस एकेडमिक कॉर्डिनेटर स्मृति यादव ने बताया कि इसके लिए राष्ट्रीय आजीविका मिशन को प्रपोजल दिया गया है।
प्रदेश स्तरीय ओपन महिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता नौ मार्च को
शास्त्रार्थ में कौशल, सत्यम और सागर का शानदार प्रदर्शन
रामेश्वर मठ में संचालित स्वामीनारायणानंद तीर्थ वेद विद्यालय में बुधवार को आयोजित सर्ववेद शाखा स्वाध्याय शास्त्रार्थ प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बटुकों ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। प्रतियोगिता में आचार्य गोपालचंद्र मिश्र वैदिक उन्नयन संस्थान के छात्र कौशल कुमार मिश्रा, स्वामी नारायण तीर्थ वेद विद्यालय के सत्यम त्रिपाठी, सागर तिवारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि सीवी सुब्रह्मण्यम, विशिष्ट अतिथि येलेश्वररापू वेंकटेश्वर ने सभी के प्रयास की सराहना की। स्वागत प्रबंधक वरुणेश चंद दीक्षित, संचालन प्राचार्य जयंत पति त्रिपाठी और धन्यवाद ज्ञापन अमित कुमार पांडे ने किया।
डॉक्टर पर जमीन कब्जा करने का आरोप, शिकायत
छित्तूपुर में एक डॉक्टर पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाकर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से शिकायत की गई है। पुलिस कमिश्नर ने सिगरा पुलिस को जांच सौंपी है। पीड़ित रजवाड़ी के दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी जमीन पर पड़ोसी डॉक्टर कब्जा कर निर्माण करवा रहा है। पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, डॉक्टर लगातार निर्माण करवा रहा है। सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि राजस्व से जुड़ा मामला है। जमीन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिटाई के मामले में छह पर मुकदमा दर्ज
होटल के मालिक की पिटाई के मामले में बुधवार को पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लमही निवासी शौर्यम जायसवाल ने बताया कि लालपुर पांडेयपुर में उसका होटल है। 9 फरवरी की रात को होटल में काम करने वाला रोहित शराब पीकर अन्य कर्मचारी से लड़ाई कर रहा था। ऐसे में उसे होटल से निकाल दिया। कुछ देर बाद वह अपने साथ नीरज पटेल, आकाश भारद्वाज, गोलू सेठ, गोलू, अभिषेक के साथ आ गया। लोहे की रॉड से पिटाई करने लगा। अन्य लोग बचाने आए तो उनकी भी पिटाई की गई। जाते जाते जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आंगनबाड़ी केंद्र में 20 दिन पहले बनाई गई सीढ़ी गिरी
सवा किलो गांजा के साथ अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से सवा किलो गांजा बरामद किया। सूचना मिली कि रामनगर पंचवटी-तिराहे के पास भूसा मंडी के पास गोलाघाट निवासी रेहान प्लास्टिक की बोरी में गांजा लेकर बेचने की फिराक में है। रामनगर थाना प्रभारी राजू सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रेहान को जेल भेज दिया है।
बिल्डर और उसके बेटे पर केस दर्ज
महमूरगंज के शिवराज नगर कॉलोनी निवासी लक्ष्मी की शिकायत पर पुलिस ने बिल्डर कौशलेस मिश्रा, प्रतीक मिश्रा के खिलाफ गालीगलौज के मामले में केस दर्ज किया है। लक्ष्मी ने तहरीर में बताया कि 2013 में कौशलेस मिश्रा से फ्लैट खरीदा था। शलेस अभी तक न तो लिफ्ट का प्रयोग करने दे रहा है। न ही पार्किंग में गाड़ी खड़ा करने दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सेवापुरी। विवाहिता के साथ दुष्कर्म कर वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि आरोपी गंगाराम कपसेठी रेलवे स्टेशन के पास खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मोबाइल बरामद कर उसे जेल भेज दिया।
14 दिन से लापता बालक पटना में मिला
बिना परिवार को बताए महाकुंभ में स्नान करने गया सूजाबाद पड़ाव का रहने वाला 13 साल का बालक 14 दिन बाद पटना में मिला है। रेलवे स्टेशन पर भटक रहे बालक को जीआरपी ने बाल कल्याण समिति को दे दिया था। वहां से बालक को अपना घर के सुपुर्दगी में रखा गया था। परिवार की तहरीर पर पुलिस बालक की तलाश कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली की बालक पटना में है। पुलिस मंगलवार को परिवार के साथ पटना पहुंची। बेटे के मिलने की खुशी में मां आरती व पिता दयानंद तिवारी की आंखें नम हो गईं।
पीएम सूर्य घर बिजली योजना का दिया प्रशिक्षण
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में मंगलवार को शिक्षकों को पीएम सूर्य घर बिजली योजना के अंतर्गत निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया। इसमें राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) कानपुर के प्रशिक्षकों ने उन्हें सोलर पैनल और इस योजना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। सोलर पैनल से हर माह करीब दो लाख यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
बीएसए ने दर्शनार्थियों को बांटी खिचड़ी
रविदास जयंती पर बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कबीरचौरा में भंडारे का आयोजन किया गया। बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक की मौजूदगी में दर्शनार्थियों को खिचड़ी का वितरण किया गया। इस मौके पर प्राथमिक विद्यालय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सकलदेव सिंह, जिला मंत्री डॉ. शैलेंद्र विक्रम सिंह, विनोद कुमार सिंह डॉ. राजेश्वर सिंह खंड शिक्षा अधिकारी स्कंद गुप्ता सहित विभाग के कर्मचारी और शिक्षक मौजूद रहें।
13 फरवरी तक बढ़ाई गई प्रवेश तिथि
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हैंडलूम टेक्नोलॉजी (आईआईएचटी) में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। पहले इसकी अंतिम तिथि 5 फरवरी थी। इसको बढ़ाकर 5 फरवरी से 13 फरवरी कर दिया गया है। सत्र 2024-25 में नए प्रवेश के रजिस्ट्रेशन के लिए अब समय को बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ से संबंधित सभी संस्थान में नए प्रवेश के लिए इसकी तारीख 13 फरवरी निर्धारित की गई है।
रेलवे के पूर्व राष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी प्रद्युम्न का निधन
बरेका पूर्व हॉकी खिलाड़ी प्रद्युम्न कुमार वर्मा का बुधवार की सुबह निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। वर्ष 1982 में हॉकी खेल की बदौलत रेलवे भर्ती हुए। रेलवे की टीम की ओर से कई बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में टीम सदस्य और कप्तान के तौर कमान संभाला। इनके पिता रामनरायण वर्मा भी रोडवेज हॉकी टीम के सदस्य थे। बरेका में 37 साल तक नौकरी के बाद वर्ष 2019 में सेवानिवृत्त होने के बाद प्रद्युम्न लंबे समय से बीमार चल रहे थे। भिखारीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। खिलाड़ी के निधन पर बरेका हॉकी टीम कोच सुनील सिंह सहित अन्य खिलाड़ियों ने शोक व्यक्त किया।
औसत से 3.7 डिग्री ज्यादा 29.8 पहुंचा पारा
फरवरी के दूसरे सप्ताह से ही मौसम तेजी से बदलने लगा है। बुधवार को दिन में धूप इतनी तेज रही कि शाम को भी गर्मी जैसा अहसास हुआ। मौसम में इस बदलाव से तापमान में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान औसत से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक होकर 29.8 पहुंच गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान भी 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस सप्ताह मौसम ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। दिन में धूप के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।
ज्ञानवापी के एक मामले में आज आदेश संभव
जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत बृहस्पतिवार को शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े वर्ष 1991 के मामले में सुनवाई कर सकती है। ट्रांसफर करने संबंधित अर्जी पर आदेश भी आने की संभावना है। पिछली तिथि पर अदालत ने सभी पक्षों को सुना था और आदेश के लिए 13 फरवरी की तिथि तय की थी। एक अन्य मामले की सुनवाई के लिए 15 फरवरी की तिथि नियत की गई थी।
शोभायात्रा के साथ संत रविदास की निकली झांकियां
संत रविदास के जन्मोत्सव पर शहर से लेकर गांव तक गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। मुख्य जुलूस जंगमबाड़ी से निकला। शहर के अन्य इलाकों से निकलने वाली शोभायात्रा इसमें शामिल हुईं। ऑल इंडिया आदि धर्म मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य भारत भूषण दास की अगुवाई में जंगमबाड़ी से शोभायात्रा निकली। संत सतविंदरजीत सिंह हीरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संत रविदास की झांकी सजाई गई थी। शोभायात्रा मदनपुरा, सोनारपुरा, शिवाला, रविंद्रपुरी, लंका, भगवानपुर होते हुए सीरगोर्वधन पहुंची, जहां संगत ने गुरु का चरण वंदन किया। इस मौके पर आल इंडिया आदि धर्म मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत सतविंदर के साथ हुक्म चंद, नरपिंदर सिंह, चरन सिंह, प्रेमचंद, बीरबल घेड़ा, प्रदीप सिंह आदि शामिल रहे।
मीरा कुमार के बेटे ने संत रविदास मंदिर में चढ़ाए चादर
संत रविदास मंदिर राजघाट में भी रैदासियों ने दर्शन-पूजन किया। जयंती पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के बेटे डॉ. अंशुल अभिजीत ने संत शिरोमणि रविदास की प्रतिमा पर चादर और पुष्प चढ़ाकर मत्था ठेका। पुजारी रामविलास दास ने गुरु की मंगल आरती कर महोत्सव का शुभारंभ किया। संकीर्तन मंडली के जयप्रकाश भगवान दास, सूर्यवंश राम, अवधेश राम, खरगूराम ने गुरु के पदों का गान किया। संगीतमय पाठ हुआ। डॉ. अंशुल अभिजीत ने कहा कि गुरु रविदास निर्गुण मार्गी भक्त थे। संगत ने लंगर छका। इस मौके पर मंदिर कमेटी के महासचिव रतनलाल भगत, प्रबंधक मदन भगत, डॉ. जयशंकर जय, सुमन कुशवाहा, मनोज कुमार, निरंजन भारती आदि रहे।
पार्टी शीर्ष नेताओं को चिंतन की जरूरत: शमशेर
पंजाब प्रदेश के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष शमशेर सिंह दुलो ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेताओं को गंभीर चिंतन करने की जरूरत है। नेता कार्यशैली बदलें और आम कार्यकर्ताओं को नेता बनाएं। पार्टी के पुराने नेता और कार्यकर्ता को तरजीह दें। तभी सुधार होने की उम्मीद है। वह बुधवार को संत रविदास जयंती पर सीर गोवर्धनपुर आए और मंदिर में दर्शन के बाद पत्रकारों से बात की। अब किसी पार्टी में लोकतंत्र नहीं है। पार्टियों में मौका परस्त घुस गए हैं। हर पार्टी में परिवारवाद है। क्षेत्रीय पार्टियों में ज्यादा है।
माघ पूर्णिमा पर यात्री सुविधाओं का डीआरएम ने जाना हाल
महाकुंभ के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के स्टेशनों पर 12 जनवरी से 12 फरवरी तक कुल 48,22,100 यात्रियों का आवागमन हुआ है। 13 फरवरी को पूर्वोत्तर रेलवे पर 16 मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। माघ पूर्णिमा की तैयारियों का हाल वाराणसी मंडल के रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने जाना। यात्री सुविधा और भीड़ प्रबंधन की सभी व्यवस्थाओं और नीतियों की समीक्षा हुए स्टेशनों की पूरी व्यवस्था को सुदृढ़ और चाक-चौबंद रखा गया।
आरपीएफ के एसआई ने बचाई बुजुर्ग रेल यात्री की जान
कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार को दिन में ड्यूटी के दौरान एसआई राकेश ने बुजुर्ग यात्री की जान बचाई। दो ट्रैक के बीच में सामान लेकर बुजुर्ग फंस गया था। सामने से आ रही स्पेशल ट्रेन को देख राकेश तुरंत प्लेटफाॅर्म से ट्रैक पर कूद गया। बुजुुर्ग को सुरक्षित प्लेटफाॅर्म पर पहुंचाया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि बुजुर्ग श्रद्धालु प्लेटफॉर्म दो पर खड़ी ट्रेन से ऑफ साइड उतरकर ट्रैक पार करते हुए प्लेटफाॅर्म एक की तरफ आ रहा था। इसी दौरान महाकुंभ स्पेशल आ रही थी तब उप निरीक्षक राकेश ने तत्काल ट्रैक पर कूदकर श्रद्धालु की जान बचाई। इसके बाद बुजुर्ग को प्रयागराज जाने वाली महाकुंभ स्पेशल ट्रेन में बैठा दिया।
राष्ट्रीय स्मृति कबड्डी प्रतियोगिता 15 से
स्वर्गीय शिवकुमार सिंह मेमोरियल ऑल इंडिया प्राइस मनी कबड्डी की दो दिवसीय प्रतियोगिता 15 फरवरी से शुरू होगी। चोलापुर विकास खंड के बावन बीघा के सरदार पटेल इंटर कॉलेज में यूपी सहित अन्य प्रदेशों से कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। यूपी कबड्डी संघ के सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पानीपत की एएबी टीम, नोएडा, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर सहित कुल आठ टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। 16 फरवरी को प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख रुपये उप विजेता टीम को 50 हजार, तीसरे और चौथे स्थान की टीम को 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
रविदास समुदाय पर शोध कर रहीं इटली की एना
इटली की एना रविदास समुदाय पर शोध कर रही हैं। वह इस धर्म के लोगों के संघर्ष का अध्ययन कर रही हैं। वह काशी से लेकर इटली में रहने वाले रविदासियों के हक और संघर्ष पर मिनी पंजाब सेंट्रल इटली नाम से शोध पत्र तैयार कर रही हैं। वह संत निरंजन दास के साथ सोमवार को काशी आई हैं। मंगलवार को सीरगोवर्धनपुर में आए रैदासियों से बातचीत की। इटली की राजधानी रोम के एक विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि रैदास समाज के लोग संघर्ष कर आगे बढ़े हैं। बताया कि इटली में संत रविदास के कई मंदिर हैं। गुरु को मानने वालों की भी तादाद अच्छी है। उनके पिता बीमा कंपनी से सेवानिवृत्त हैं और मां एडवोकेट हैं।
बीएचयू में निकली 4 किमी लंबी झांकी, 10 विद्यार्थियों को इनाम और मेडल
संत रविदास जयंती की जयंती पर बुधवार को बीएचयू में चार किलोमीटर लंबी झांकी निकाली गई। एंफीथियेटर ग्राउंड से लेकर सीरगोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर तक बीएचयू के छात्रों और श्रद्धालुओं का काफिला पहुंचा। प्रभारी कुलपति प्रो. संजय कुमार ने इस झांकी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले केएन उडुप्पा ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम सहित पुरस्कार वितरण हुआ। बीएचयू की बहुजन इकाई की छात्रा सलोनी, रीतिका और शक्ति ने कविता पाठ, भाषण और गीतों की प्रस्तुतियां दीं। 10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार और बाकी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को 2500, 1500, 1000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। झांकी में डॉ. रवींद्र प्रकाश भारती, आईएमएस के निदेशक प्रो. राज कुमार, आईएमएस-बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार, प्रो. एमपी अहिरवार, प्रो. बी राम, लेखक राम अर्श और लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. कालीचरण स्नेही, प्रिया रॉय आदि मौजूद रहे।
जिला अस्पताल को आभा आईडी प्रयोग में मिला चौथा स्थान
पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल को आभा आईडी के इस्तेमाल के लिए प्रदेश भर में चौथा स्थान हासिल हुआ है। सीएमएस डाॅ. बृजेश कुमार ने बताया कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के संयुक्त प्रयास से अस्पताल में कुल ओपीडी का 67 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन आभा आईडी से किया गया है। उन्होंने अधिक से अधिक मरीजों को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया है।