फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi top news today latest news in hindi varanasi crime news

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें: पत्नी और भांजे का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, युवक की मौत में पत्नी पर FIR

Mon, 30 Sep 2024 07:01 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Mon, 30 Sep 2024 07:01 PM IST
सार

Varanasi Top News: वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें चर्चा में बनी रहीं। इस दौरान क्राइम की कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। संक्षिप्त में पढ़ें- प्रमुख खबरें.. 

विज्ञापन
Varanasi top news today latest news in hindi varanasi crime news
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पत्नी और भांजे का आपत्तिजनक वीडियो वायरल

विज्ञापन

टड़िया चकबिही एक महिला और उसके भांजे का एडिट किया हुआ आपत्तिजनक वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया जा रहा है। इसे लेकर महिला के पति ने संबंधित फेसबुक अकाउंट के खिलाफ सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला के पति ने कहा कि आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से उनके बारे में लोग तरह-तरह की बात करते हैं। महिला के पति ने पुलिस से मांग की है कि फेसबुक से वीडियो डिलीट कर संबंधित अकाउंट को बंद कराया जाए। इसके अलावा अकाउंट से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानून कार्रवाई की जाए। 

युवक की मौत के मामले में पत्नी और सास-ससुर पर केस दर्ज करने का आदेश
महेशपुर के एक युवक की मौत के मामले में अदालत ने उसकी पत्नी, सास-ससुर और अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का आदेश मंडुवाडीह थानाध्यक्ष को दिया है। यह आदेश महेशपुर निवासी राजेंद्र सिंह के प्रार्थना पत्र पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार-II की अदालत ने दिया है। राजेंद्र सिंह के बेटे उपेंद्र कुमार सिंह की शादी प्रयागराज की पायल के साथ हुई थी। 18 जुलाई 2024 की सुबह राजेंद्र सिंह को सूचना मिली कि उपेंद्र ने फंदा लगाकर जान दे दी है। वह मौके पर गए तो ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला, जिससे स्पष्ट हो सके कि उनके बेटे ने फंदा लगाकर जान दी है। इस संबंध में राजेंद्र सिंह ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने अदालत की शरण ली। ब्यरो
विज्ञापन

 
अपहरणकर्ता गिरफ्तार, किशोरी मुक्त
किशोरी को बहला फुसलाकर अगवा करने के मामले में आरोपी को पुलिस ने रविवार को कानूडीह मार्ग से गिरफ्तार किया। वहीं, किशोरी को मुक्त कराया। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील सोनकर निवासी मीरापुर बसहीं के रूप में हुई है। मीरापुर निवासी किशोरी की मां ने सुनील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

पंचक्रोशी सब्जी मंडी के आढ़त में चोरी
पैगंबरपुर स्थित पंचक्रोशी सब्जी मंडी स्थित आढ़त का ताला तोड़कर चोरों ने शनिवार की रात तीन लाख रुपये समेत अन्य सामान समेट लिया। पीड़ित नौशाद अहमद के अनुसार उसकी आलू, प्याज व लहसुन की आढ़त है। किसानों का भुगतान करने के लिए रुपये रखे थे।  
 
धमकी देने के मामले में पांच के खिलाफ केस दर्ज
कूटरचित और धोखाधड़ी मामले में पीड़ित ने पांच के खिलाफ केस दर्ज कराया है। थाने क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी भानु प्रताप बिंद के अनुसार भदोही के घमहापुर निवासी गेना देवी ने जमीन का सट्टा होने के बावजूद जमीन का बैनामा कर दिया। विरोध करने पर गेना देवी के पति विजय यादव और उनके ससुर अज्ञात लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव के आदेश पर मिर्जामुराद पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट ट्रेन से शराब बरामद, यात्री गिरफ्तार
जीआरपी ने चेकिंग के दौरान शनिवार को लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट ट्रेन से यात्री को शराब के साथ गिरफ्तार किया। कब्जे से 48 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कैंट इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिट्ठू कुमार निवासी पटना करौता सुंदरपुर के रूप में हुई है।  

रामनगर की ओर भागे थे चेन छीनने वाले बदमाश

मंडुवाडीह चौराहे के समीप हेड कांस्टेबल की पत्नी मनीषा से चेन छीनने वाले बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश ककरमत्ता आरओबी होते हुए लंका से रामनगर की ओर भागे थे। पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से दोनों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।

प्रयागराज में तैनात हेड कांस्टेबल सुभाष कुमार का परिवार मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के ताड़केश्वर नगर में रहता है। शनिवार की सुबह उनकी पत्नी मनीषा टहलने निकली थीं। मंडुवाडीह चौराहा पर वह सड़क किनारे थीं, उसी दौरान लहरतारा की ओर से आए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश उनके गले पर झपट्टा मार कर चेन छीन लिए थे। छीनाझपटी में मनीषा सड़क पर गिर कर घायल हो गई थीं। उधर, इस संबंध में मंडुवाडीह थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

पहड़िया में 16 वर्षीय किशोर सहित दो डेंगू संक्रमित
मच्छरों का प्रकोप अब बढ़ता जा रहा है। रविवार को दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें पहड़िया में 16 वर्षीय किशोर और नक्खीघाट में 50 वर्षीय व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि दोनों मरीजों के घर के आसपास मच्छरों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराया गया है। परिजनों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। अब जिले में कुल मरीजों की संख्या 74 हो गई है।  

मकान मालिक पर हमला कर किया लहूलुहान
कोतवाली थाना क्षेत्र के गोलघर में संजय अग्रवाल पर रविवार को जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल संजय अग्रवाल के अनुसार उन्होंने अपनी दुकानें किराये पर दे रखी हैं। एक दुकान का किरायेदार कब्जा करना चाहता है। इसका विरोध करने पर वह 20 की संख्या में हमलावरों के साथ उन पर और उनके बेटे इशांत पर हमला किया। संजय को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कोतवाली थाने की पुलिस पर मामले में प्रभावी कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया। उधर, इस संबंध में कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मकान मालिक और किरायेदार का विवाद है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

शादी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म किया, गिरफ्तार

मुस्लिमपुरा कोटवा निवासी मोहम्मद उर्फ समीर को लोहता थाने की पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर लोहता प्रवीण कुमार ने गत 27 सितंबर को पीड़िता मुकदमा दर्ज कराई थी। उसका आरोप है कि शादी का झांसा देकर समीर ने उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किया। इसके बाद शादी करने से मना कर दिया। फिर वह चोरी से उसका वीडियो बनाया। अब आने-जाने के दौरान रास्ते में समीर उससे गालीगलौज करता है और उसका दुपट्टा खींच देता है। इसके साथ ही उसके वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देता है।
 
हमला और बलवा के तीन आरोपी गिरफ्तार
 जानलेवा हमला और बलवा के पांच माह पुराने मामले में चोलापुर थाने की पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सिहुलियां कटारी निवासी प्रदीप उर्फ सतीश, रविंद्र कुमार उर्फ रवि और जगजीवन के रूप में हुई है। इससे पहले इस मामले में छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। चोलापुर थानाध्यक्ष ईश्वर दयाल दूबे ने बताया कि कटारी निवासी मनीष कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था। मनीष के अनुसार आंबेडकर जयंती के दिन वह, उसके मामा प्यारेलाल, जियालाल, बृजेश कुमार, गोलू कुमार और गौतम आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जा रहे थे। रास्ते में जगजीवन, सुभाष, नंदलाल, सतीश, रविकुमार, उपेंद्र, अभिषेक, राजेश और राहुल ने लाठी-डंडा और रॉड लेकर हमला कर दिया था। हमले में प्यारेलाल और जियालाल का सिर फट गया था। बृजेश का दांत टूट गया था और मनीष गंभीर रूप से घायल हुआ था।

हत्या के तीन आरोपियों के खिलाफ 116 पेज की चार्जशीट दाखिल
चौबेपुर थाना क्षेत्र में गाजीपुर के युवक की हत्या के साढ़े तीन माह पुराने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। 116 पन्नों की चार्जशीट में युवक की पत्नी और भाई के बयान को मुख्य आधार बनाया गया है। इसके अलावा युवक और तीनों आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड व लोकेशन और वारदात में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी को भी ठोस आधार बनाया गया है। इसके अलावा जिस युवती से बातचीत के कारण युवक की हत्या की गई थी, उसका भी बयान चार्जशीट में शामिल किया गया है।

गाजीपुर के तिलेसड़ा गांव निवासी आलोक यादव का लहूलुहान शव चौबेपुर थाना क्षेत्र के राजवारी (भंदहा कला) गांव में गोमती नदी के पास 11 जून 2024 की सुबह मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि आलोक के सिर में गोली मार कर हत्या की गई थी। इस मामले में तिलेसड़ा गांव के विजय यादव उर्फ विक्की, कल्यानपुर के रोहित यादव और लीलापुर के रवि यादव के खिलाफ चौबेपुर थाने में हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया था। विजय और रोहित पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए थे, जबकि रवि ने पिछले हफ्ते अदालत में सरेंडर किया था। इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमे के विवेचक चौबेपुर थानाध्यक्ष ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। तीनों आरोपियों का आरोप साबित करने के लिए पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य और तथ्य हैं। अदालत में प्रभावी तरीके से पैरवी कर आरोपियों को कठोरतम सजा से दंडित करने का अनुरोध किया जाएगा। 

बैंक कॉलोनी में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

सिगरा थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी स्थित एक अपार्टमेंट के भूतल में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना शनिवार की देर रात की है। सूचना पाकर सिगरा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बड़ागांव क्षेत्र निवासी विकास मिश्रा (34 ) अपार्टमेंट में किसी काम के सिलसिले में आया था। देर रात भूतल में वाहन निकालने के दौरान वह लटक रहे मेन सप्लाई वाले तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आकर अचेत हो गया। विकास को उपचार के लिए आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  

बाइक सवार तीन बदमाशों ने छीन लिया मोबाइल
लालपुर पांडेयपुर थाने और पहड़िया मंडी के गेट के बीच बगैर नंबर की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने एक युवक का मोबाइल छीन लिया। इस संबंध में आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाने के रामपुर जमीन पाल्हन गांव निवासी आशीष प्रजापति ने लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आशीष ने बताया कि वह मुंबई से कैंट स्टेशन आया। कैंट स्टेशन से पांडेयपुर चौराहा आया। पांडेयपुर चौराहा से आशापुर स्थित बस स्टैंड पैदल जा रहा था, उसी दौरान उसका मोबाइल छीना गया।  

वक्फ की संपत्तियों को माफिया कर रहे कब्जा: फैज खान
छोटा लालपुर के गीता उत्सव वाटिका में रविवार को वक्फ बोर्ड की नागरिक समीक्षा विषयक संगोष्ठी हुई। इसके मुख्य वक्ता मोहम्मद फैज खान ने कहा कि माफिया वक्फ की संपत्ति को कब्जा करके अपने निजी प्रयोग में ला रहे हैं। केंद्र सरकार की ओर से लाया गया नया वक्फ बिल वक्फ संपत्तियों के सदुपयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा। नए बिल में दो महिलाओं को शामिल करना एवं दो अन्य धर्म के लोगों को शामिल करना स्वागत योग्य है।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि वक्फ बोर्ड चर्चा में तब आया जब उसने तमिलनाडु के त्रिचनापल्ली के 1500 आबादी वाले तथा महाराष्ट्र के सोलापुर में 800 आबादी वाले एक-एक गांव को ही वक्फ की संपत्ति घोषित कर वहां के निवासियों को गांव खाली करने की नोटिस दे दिया। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड के पास दुनिया के 45 देश के क्षेत्रफल से ज्यादा जमीन है। अध्यक्षता तिलक राज कपूर ने की। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर संजय सिंह गौतम और धन्यवाद ज्ञापन रितेश श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में रेवती रमण शर्मा, सुरेंद्र पटेल, हेमंत गुप्ता, महेश्वर सिंह,नंदलाल यादव आदि मौजूद रहे।

पीएसी रामनगर की बैरक निर्माण कार्य का सीडीओ ने किया निरीक्षण

रामनगर 36वीं वाहनी पीएसी की बैरक के निर्माण कार्य का रविवार को सीडीओ हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 15 अक्तूबर से पहले निर्माण कार्य पूरा कराए जाने का निर्देश दिया। वहीं, निर्माण कार्य के दौरान ईंट चिनाई व स्लैब के बीच गैप मिलने पर कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को इसे तत्काल दुरूस्त कराने का निर्देश दिया। संस्था को निर्देशित किया गया कि मजदूरों की संख्या को बढ़ाते हुए मानक के अनुसार काम कराएं।  

बाल सुधार गृह में ही कैंप लगवाकर आधार बनवाएं
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने रविवार को राजकीय बालगृह बालक और राजकीय बाल गृह बालिका रामनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधीक्षक को निर्देशित किया कि प्रतिमाह संस्था में ही कैंप लगवाकर आधार बनवाएं। बालकों के कौशल विकास, खेलकूद व मनोरंजन के सुविधाओं की भी समीक्षा की। बालकों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।
  
आईएमएस बीएचयू में सर्जरी की नई तकनीक से रूबरू हुए प्रतिभागी
आईएमएस बीएचयू में ईएनटी विशेषज्ञों के तीन दिवसीय अधिवेशन में नई तकनीक से सर्जरी कर प्रतिभागियों को इससे जुड़ी बारीकियां बताईं गईं। इसमें सांस की नली, लार की ग्रंथि (बिना चीरा के) के साथ ही दिमाग का पानी नाक के रास्ते बाहर आने जैसी जटिल सर्जरी की गई।

केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित कार्यक्रम के समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि प्रतिभागियों के सर्जरी की नई तकनीक सीखने का लाभ मरीजों को मिलेगा। आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने कहा कि अधिवेशन में की गई दूरबीन विधि से सर्जरी के बारे में भी नाक, कान, गला की बीमारी और उसके उपचार के बारे में जानने का मौका मिलेगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार और सचिव प्रो. विश्वंभर सिंह ने बताया कि 20 प्रदेश से विशेषज्ञों के साथ ही 300 जूनियर डॉक्टर मौजूद रहे। कुल 95 शोध पत्र पढ़े गए।

राज्यमंत्री ने किया विजेताओं को पुरस्कृत
तीन दिवसीय सेमिनार में एम्स ऋषिकेश के डॉ. अमित त्यागी की अध्यक्षता में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने पुरस्कृत किया। केजीएमयू के डॉ. देविशा अग्रवाल की टीम विजेता रही। शोध पत्र प्रस्तुति में केजीएमयू की डॉ. पारुल वर्मा को पहला, आईजीआईएमएस से डॉ. दीक्षा और डॉ. शालिनी दूसरा और बीएचयू से डॉ. सृष्टी भंसाली को तीसरा स्थान मिला। पोस्टर प्रस्तुति में गोरखपुर से प्रथम स्थान डॉ. निष्ठा, बरेली से डॉ. एकांश द्वितीय और डॉ. महिमा को तृतीय स्थान मिला।

पिता को जमीन बेचने के लिए कह रहे बेटे ने चलाई गोली

वाराणसी जिले के रमना गांव में सोमवार की शाम पिता से पारिवारिक जमीन में अपना हिस्सा मांग रहे 25 वर्षीय बेटे ने तमंचे से फायरिंग कर दी। अवैध असलहे से निकली गोली समीप ही खड़े उसके चचेरे भाई के बाएं कान को छूते हुए उसके दोस्त की बायीं बांह को आर-पार कर गई। घायल दोनों युवकों को सीएचसी नरपतपुर ले जाया गया। जिस युवक की बांह में गोली लगी थी, उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।

चौबेपुर थाना क्षेत्र के रमना गांव निवासी हीरालाल यादव मवेशी व्यापारी हैं। हीरालाल और उषा देवी का इकलौता पुत्र ईश्वर यादव है। हीरालाल के अनुसार ईश्वर उनसे अपने हिस्से की जमीन मांग रहा था। इसी को लेकर वह कहासुनी कर रहा था। इसी दौरान ईश्वर ने तमंचा निकाल कर अपने पिता को लक्ष्य करते हुए फायरिंग कर दी। तमंचे से निकली गोली समीप ही खड़े ईश्वर के चचेरे भाई परमेश्वर के बाएं कान को छूते हुए उसके दोस्त रितेश उर्फ नेता की बायीं बांह को आर-पार कर गई। कोई कुछ समझ पाता तब तक ईश्वर अंधेरे का फायदा उठा कर मौके से भाग गया। 

इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सीएचसी नरपतपुर में परमेश्वर का प्राथमिक उपचार कर डॉक्टरों ने उसे छोड़ दिया था। रितेश को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। आरोपी ईश्वर के खिलाफ चौबेपुर थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed