वाराणसी की बड़ी खबरें: चीनी मांझे से अधिवक्ता की गर्दन कटी, गंगा में कूदा कारोबारी; हत्या का आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी में पिछले 24 घंटे में कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें चीनी मांझे से अधिवक्ता की गर्दन कटने और महाराष्ट्र के पालघर में हत्या के वांछित के कैंट स्टेशन से गिरफ्तार होने की खबर शामिल रही।
विस्तार
प्रतिबंध के बावजूद चीनी मांझे का इस्तेमाल लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। बुधवार को नदेसर से वरुणा पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर चीनी मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार दीवानी अधिवक्ता आकाश सिंह का गला कट गया। उनके गले में गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा। हालांकि, उनकी जान बाल-बाल बच गई।अधिवक्ता आकाश सिंह के मुताबिक, वह नदेसर स्थित डाकघर से रजिस्ट्री और पोस्टल ऑर्डर का काम निपटाकर लौट रहे थे। इसी दौरान मोड़ के पास हवा में लहरा रहा मांझा उनके गले में फंस गया।
उन्होंने बताया कि पतंग पहले ही कट चुकी थी, जिससे मांझे का खिंचाव कम था। इस कारण उनकी जान बच गई। अधिवक्ता ने बताया कि इलाज के बाद इस संबंध में कैंट थाने में तहरीर देंगे। साथ ही, बार पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों को चीनी मांझे पर रोक लगाने के लिए पत्रक सौंपेंगे।
22 किलो चीनी मांझे के साथ महिला गिरफ्तार
चीनी मांझे की बिक्री के आरोप में बुधवार को शिवपुर पुलिस ने कांशीराम आवास के ब्लॉक नंबर 32 से एक महिला को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 22.200 किलोग्राम चीनी मांझा बरामद हुआ। शिवपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार महिला कांशीराम आवास के ब्लॉक नंबर 32 की रहने वाली है। वह चोरी-छिपे आवास से चीनी मांझे की बिक्री कर रही थी। उपनिरीक्षक अंबरीश दूबे, नितेश कुमार और दीक्षा दूबे ने महिला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह सीजन आने पर चीनी मांझे की बिक्री करती है। बीच में भी कुछ ग्राहकों को चीनी मांझा बेचती थी।
महाराष्ट्र के पालघर में हत्या का वांछित कैंट स्टेशन से गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर थाने में दर्ज हत्या के मामले का वांछित रिंकू शमशेर माली (36) को जीआरपी कैंट वाराणसी ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आजमगढ़ जिले के ठेकमाबाजार, तहसील लालगंज का निवासी है। उसे कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन से पकड़ा गया। जीआरपी के अनुसार, पालघर थाने की पुलिस टीम वाराणसी पहुंची थी।
टीम ने जीआरपी को सूचना दी कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी ट्रेन से वाराणसी आ रहा है। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर ने पुलिस टीम गठित कर स्टेशन पर सघन चेकिंग कराई। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर तीन पर संदिग्ध अवस्था में मिले आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर पालघर ले जाने के लिए पांच दिन का ट्रांजिट रिमांड लेने की विधिक प्रक्रिया में जुटी है। जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस ने सहयोग के लिए जीआरपी वाराणसी का आभार जताया।
केदार घाट पर गंगा में डूब रहे दो युवकों को पीएसी जवानों ने बचाया
भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदार घाट पर बुधवार शाम गंगा में स्नान के दौरान दो युवक डूबने लगे। घाट पर सुरक्षा में तैनात पीएसी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, बरेली के करगैना निवासी अंशुल गुप्ता और ओम शर्मा बुधवार सुबह वाराणसी आए थे। शाम को दोनों गंगा स्नान के लिए केदार घाट पहुंचे। स्नान के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद सुरक्षा में तैनात पीएसी जवान रोहित कुमार कन्नौजिया और अरशद खान ने प्रयास कर दोनों युवकों को गंगा से बाहर निकाला। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि दोनों युवकों ने जवानों का आभार जताया और वापस लौट गए।
कारोबार में घाटे से परेशान कारोबारी गंगा में कूद गया
राजघाट स्थित मालवीय पुल से बुधवार दोपहर गंगा में कूदे बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी को जल पुलिस के जवानों ने बचा लिया। गंगा में गश्त कर रहे जवानों ने युवक को डूबते देखा तो नदी में छलांग लगा दी और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के मुताबिक, रोहतास निवासी विशाल कुमार (30) बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे ट्रेन से काशी स्टेशन पहुंचा था। इसके बाद वह करीब तीन घंटे तक आसपास के क्षेत्र में घूमता रहा। दोपहर में उसने मालवीय पुल से गंगा में छलांग लगा दी। पुल के नीचे मौजूद जल पुलिस के जवानों ने उसे डूबते देखा तो तत्काल नदी में कूदकर बाहर निकाल लिया।
पुलिस से पूछताछ में विशाल ने बताया कि वह बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करता है। कारोबार में घाटा होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी वजह से वह जान देने के इरादे से पुल पर पहुंचा था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि युवक को थाने लाकर उसके परिजनों से संपर्क किया गया।
कैथी संगम घाट पर डूबे युवक की मां ने दोस्तों पर नदी में धक्का देने का लगाया आरोप
चौबेपुर के कैथी स्थित गंगा-गोमती संगम घाट पर स्नान करने गए युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में डूबने की घटना के चार दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। युवक की मां सपना सिंह ने उसके साथ गए दोस्तों पर नदी में धक्का देने और डूबने के बाद मोबाइल व कलाई घड़ी लेकर भागने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि गंगा नदी में एक युवक के डूबने की सूचना पर उसकी तलाश कराई गई थी, लेकिन शव नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि थाने में तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैटरी-इन्वर्टर कारोबारी के 13.67 लाख रुपये हड़पने का आरोप, दंपती पर प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र में बैटरी-इन्वर्टर के कारोबार में 13.67 लाख रुपये बकाया रखने और रुपये मांगने पर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। भोजूबीर स्थित स्वास्तिक इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर असीम सिंह के अनुसार, वह जेएमडी इंटरप्राइजेज के संचालक नीतू श्रीवास्तव उर्फ चिंटी और उनके पति आशीष श्रीवास्तव के साथ कारोबार करते थे। आरोप है कि सामान की खरीद के लिए उन्होंने अलग-अलग तिथियों में बैंक खातों के माध्यम से 29.75 लाख रुपये और छह लाख रुपये नकद दिए थे। इसमें से 16.08 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि 13.67 लाख रुपये बकाया रह गए।
आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर फोन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने और पत्नी से मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर कैंट थाने में नीतू श्रीवास्तव उर्फ चिंटी और आशीष श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच उपनिरीक्षक कर रहे है।
घर में घुसकर मारपीट, बाउंड्रीवाॅल तोड़ने का आरोप
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा में मनबढ़ों पर घर में घुसकर मारपीट करने और बाउंड्रीवाॅल ढहाने का आरोप लगा है। बुधवार को पीड़ित शिव कुमार ने मंडुवाडीह थाने में 22 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। कंदवा निवासी शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि चार अक्तूबर को सुबह आठ बजे आरोपियों ने उनके घर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से लैस आरोपियों ने घर में घुसकर परिजनों की पिटाई की। बाउंड्रीवाल तोड़कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। मौके पर एक ट्रैक्टर और फॉर्च्यूनर वाहन भी मौजूद था। पीड़ित ने घटना का वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपा। मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि वंशराज, रिंकू, विनोद समेत 22 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घर की सफाई के विवाद में मारपीट, आंख पर चाकू से हमला
लोहता थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव में घर की साफ-सफाई को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। पीड़िता रंजना मिश्रा ने पुलिस को बताया कि सुबह 7:30 बजे उनके पति वेद प्रकाश मिश्रा घर के बरामदे में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घर के ही सौरभ कुमार मिश्रा और आलोक मिश्रा वहां आए। उन्होंने साफ-सफाई का विरोध करते हुए वेद प्रकाश मिश्रा को गालियां दीं। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उनके पति की पिटाई की और चाकू से उनकी आंख व शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किया। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। लोहता थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जुआ खेलते नौ लोग गिरफ्तार, 8450 रुपये बरामद
मातलदेई पुलिस ने ग्राम गौरा स्थित एक बाग में छापेमारी कर जुआ खेलते नौ लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उनके पास से 8450 रुपये नकद, पांच टच स्क्रीन मोबाइल और ताश के पत्ते बरामद हुए। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार होने वालों में धर्मेंद्र पटेल, अजय कुमार, अजीत पटेल, अजय कुमार, राजाबाबू, सोनू कुमार, राहुल शर्मा, धर्मेंद्र कुमार और कमलेश हैं। सभी राजातालाब के निवासी हैं।
व्यवसायी से मोबाइल छीना, जांच शुरू
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा अंडरपास के ऊपर बुधवार देर रात इलेक्ट्रिक व्यवसायी प्रिंस सिंह से मोबाइल छीन लिया गया। नकाबपोश बाइक सवारों ने वारदात को अंजाम दिया और प्रयागराज की ओर भाग गए। बांसफाटक निवासी प्रिंस सिंह ने पुलिस को बताया कि वह भदोही से शहर की ओर जा रहे थे। इस बीच बाइक सवारों ने उनकी बाइक को रोककर मोबाइल छीना और भाग गए। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया की पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
घर में घुसकर मारपीट, बाउंड्रीवाॅल तोड़ने का आरोप
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा में मनबढ़ों पर घर में घुसकर मारपीट करने और बाउंड्रीवाॅल ढहाने का आरोप लगा है। बुधवार को पीड़ित शिव कुमार ने मंडुवाडीह थाने में 22 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। कंदवा निवासी शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि चार अक्तूबर को सुबह आठ बजे आरोपियों ने उनके घर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से लैस आरोपियों ने घर में घुसकर परिजनों की पिटाई की। बाउंड्रीवाल तोड़कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। मौके पर एक ट्रैक्टर और फॉर्च्यूनर वाहन भी मौजूद था। पीड़ित ने घटना का वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपा। मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि वंशराज, रिंकू, विनोद समेत 22 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घर की सफाई के विवाद में मारपीट, आंख पर चाकू से हमला
लोहता थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव में घर की साफ-सफाई को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। पीड़िता रंजना मिश्रा ने पुलिस को बताया कि सुबह 7:30 बजे उनके पति वेद प्रकाश मिश्रा घर के बरामदे में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घर के ही सौरभ कुमार मिश्रा और आलोक मिश्रा वहां आए। उन्होंने साफ-सफाई का विरोध करते हुए वेद प्रकाश मिश्रा को गालियां दीं। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उनके पति की पिटाई की और चाकू से उनकी आंख व शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किया। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। लोहता थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फर्जी सट्टा इकरारनामे बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने जमीन पर कथित कब्जे के प्रयास, कूटरचना, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में ऐढ़े गांव निवासी विजयशंकर पांडेय की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित के मुताबिक, विवादित भूमि के संबंध में चकबंदी अधिकारी ने 14 जुलाई 2025 को उनके और उनके भतीजे के पक्ष में फैसला सुनाते हुए नाम दर्ज करने का आदेश दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद 16 और 30 जुलाई 2025 को धोखाधड़ी और कूटरचना कर जमीन से संबंधित दो सट्टा इकरारनामे तैयार कराए गए। विजयशंकर पांडेय का कहना है कि भूमि विवाद में पहले भी प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों ने 30 अगस्त को विवादित जमीन पर पहुंचकर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
बंद मकान में सेंध लगाकर साढ़े तीन लाख का सामान चोरी
मिर्जामुराद क्षेत्र के खालिसपुर नहरापार गांव में बंद मकान में सेंध लगाकर चोरों ने नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, कपड़े और बाइक समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सामान चुरा लिए। बुधवार दोपहर मुंबई से घर पहुंचीं गृहस्वामिनी को घटना की जानकारी हुई। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खालिसपुर निवासी सुबोधनी देवी पत्नी स्व. शंकर गुप्ता अपने बेटों के साथ मुंबई के गोरेगांव में रहती हैं। गांव में स्थित उनके आठ कमरों के मकान में ताला बंद था। बुधवार को घर पहुंचने पर मकान के पीछे सेंध लगी मिली। अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व बक्सों के ताले टूटे हुए थे। पीड़िता के मुताबिक, चोर 15 हजार रुपये नकद, करधनी, सोने की चेन, कान के झुमके, बर्तन, कपड़े और सुपर स्प्लेंडर बाइक समेत अन्य सामान उठा ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
महिला के पर्स से सात हजार चोरी
बेनिया पार्किंग गेट के सामने मंगलवार की शाम महिला के पर्स से सात हजार रुपये चोरी हो गए। पीड़िता ने एक किशोर को पकड़कर चौक पुलिस को सौंपा। किशोर की जेब से 500 रुपये बरामद हुए हैं। कबीरचौरा स्थित हीरापुरा निवासी अजय सेठ ने पुलिस को बताया कि वह रिश्तेदारों मनोज कुमार सोनी, प्रियंका सोनी और हरिओम के साथ बेनिया बाजार आए थे। शाम के समय प्रियंका सोनी के पर्स से सात हजार रुपये चोरी हो गए। चोरी के संदेह में एक किशोर को पकड़ा गया। चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि किशोर से पूछताछ की जा रही है।
सिकरौल में निर्माणाधीन परियोजना का काम रुकवाने, मजदूरों से मारपीट और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने वन प्लेस इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के प्रतिनिधि रजनीश चौरसिया की तहरीर पर भू-स्वामी समेत सात नामजद और 10-12 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की। रजनीश के मुताबिक, सिकरौल में 0.221 हेक्टेयर जमीन पर कंपनी का निर्माण कार्य चल रहा है।
27 नवंबर 2012 को भू-स्वामी पक्ष के साथ पंजीकृत डेवलपर एग्रीमेंट हुआ था। इसमें कंपनी का 60 और भू-स्वामी पक्ष का 40 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित किया गया था। आरोप है कि निर्माण शुरू होने के बाद भू-स्वामी पक्ष ने काम में बाधा डालनी शुरू कर दी और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। पहले भी दबाव बनाकर रकम वसूलने का आरोप लगाया गया है। कंपनी के अनुसार, विवाद को लेकर दीवानी न्यायालय में मुकदमा है। न्यायालय से कंपनी के पक्ष में स्थगनादेश होने के बावजूद निर्माण कार्य में हस्तक्षेप किया जा रहा है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
चाकू दिखाकर नाबालिग से दुष्कर्म, दोषी को 20 साल का कठोर कारावास
विशेष न्यायाधीश प्रथम (पॉक्सो एक्ट) विकास श्रीवास्तव की अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी संजय पटेल को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। दोषी चोलापुर थाना क्षेत्र का निवासी है। अदालत ने उस पर दस हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना नहीं देने पर उसे छह महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अभियोजन के अनुसार, 20 सितंबर 2016 शाम छह बजे पीड़िता गांव के दक्षिण में नहर के किनारे शौच के लिए गई थी।
आरोप था कि वहां संजय पटेल ने चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह आतंकित कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता के गर्भवती होने पर उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। परिजनों ने 30 मई 2017 को थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराने और अदालत में उसका बयान दर्ज कराने के बाद विवेचना पूरी कर आरोपपत्र दाखिल किया। सुनवाई के बाद अदालत ने संजय पटेल को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।