Varanasi Top News: धम्म साधना के लिए 200 उपासकों ने धारण किया चीवर, 59 जोड़ों ने लिए 7 फेरे व 2 ने पढ़ी निकाह
Varanasi News: वाराणसी में छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। इसी क्रम में सारनाथ में 200 बौद्ध उपासकों ने चीवर धारण किया। यह कार्यक्रम अनवरत 10 दिन तक चलेगा। वहीं, जिलाधिकारी ने प्रमुख योजनाओं की समीक्षा बैठक की। अधिकारियों से विकास कार्यों के बाबत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिथिलता और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तथागत की उपदेश स्थली पर बौद्ध मंत्रों के बीच 200 बौद्ध उपासकों ने चीवर धारण किया। पुरातात्विक खंडहर परिसर में धमेख स्तूप के सामने प्रव्रज्जा संस्कार के समस्त अनुष्ठान पूर्ण हुए। यह सिलसिला अनवरत 10 दिनों तक चलेगा। बौद्ध उपासक 10 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भगवान बुद्ध के उपदेशों की शिक्षा लेंगे।
भिक्षु चंदिमा थेरो ने बताया कि आषाढ़ पूर्णिमा के पहले यह आयोजन होता है। 10 दिनों तक बौद्ध उपासक भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को ग्रहण करते हैं। आषाढ़ पूर्णिमा पर भगवान बुद्ध ने सारनाथ में अपना पहला उपदेश दिया था। इसी अवसर पर यह आयोजन होता है। 10 दिनों के भ्रमण करने के बाद पुनः आषाढ़ी पूर्णिमा वाले दिन धमेख स्तूप के पास विशेष पूजा अर्चना होगी।
इस दौरान विश्व शांति पदयात्रा धम्म लर्निंग सेंटर से धमेख स्तूप तक और शाम को धमेख स्तूप के समक्ष धम्मचक्र प्रवर्तन सूत्र का पाठ, धम्म देशना और ध्यान साधना होगी। शाम को मूलगंध कुटी विहार में दीपदान उत्सव मनाया जाएगा।
आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर खोजेंगी संचारी रोग से ग्रसित मरीज
संचारी रोगों से बचाव को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक करेगा। इसके लिए बृहस्पतिवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह के दस्तक अभियान की शुरूआत हुई। अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर संचारी रोग से ग्रसित मरीजों की खोज कर इलाज के लिए प्रेरित करेंगी।
दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बुखार, डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार, टीबी, कुष्ठ से ग्रसित लोगों को चिह्नित करके सूची बनाएंगी। साथ ही जांच व उपचार के लिए प्रेरित करेंगी। अभियान के तहत परिवार के सभी सदस्यों की आभा आईडी भी बनाया जाएगा।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि स्टॉप डायरिया अभियान के तहत घरों में ओआरएस पैकेट और जिंक टैबलेट की गोली दी जाएगी। एसीएमओ डॉ. एसएस कनौजिया ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता के लिए पोस्टर लगाए जाएंगे।
जिला मलेरिया अधिकारी शरत चंद पांडेय ने बताया कि अभियान के लिए 2600 से अधिक आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। वेक्टर और लार्वा सर्विलान्स के लिए 16 टीमें तैयार की गई हैं। शहरी क्षेत्र में रेंडम लार्वा जांच के लिए 19 सुपरवाइजर और पर्यवेक्षण के लिए 11 मलेरिया निरीक्षक तैनात किए गए हैं। नियमित छिड़काव के लिए भी 11 कर्मियों को तैनात किया गया है।
59 जोड़ों ने लिए सात फेरे व 2 ने पढ़ी निकाह
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 61 जोड़ों शादी हुई। इसके साथ ही उन्होंने दांपत्य जीवन में प्रवेश किया और एक-दूजे के साथ सुख-दुख में साथ रहने का संकल्प लिया। हरहुआ ब्लाक में हुए सामूहिक शादी में आम से खास लोगों ने उनको आशीर्वाद देने पहुंचे थे।
हरहुआ ब्लाक परिसर में सुबह से ही चहल-पहल रही। घराती-बराती में उत्साह और उमंग देखते बन रहा था। मंडप सजा और बैंडबाजे व शहनाई की मंगल धुन के बीच विवाह की रस्म शुरू हुई। हिंदू रीति-रिवाज के साथ सभी जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिये और परिणय सूत्र में बंध गए।
दो जोड़ों को मुस्लिम रीति से निकाह पढ़ाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया। कहा कि प्रदेश सरकार की इस योजना का लाभ हर जरूरतमंद को मिल रहा है।
इसके अलावा सभी ब्लाकों के वीडीओ व अधिकारियों ने भी उनको आशीष के साथ उपहार दिया। हरहुआ ब्लाक के 22, बड़ागांव के 18, पिंडारा के 12 और आराजीलाइन के 9 जोड़ों की शादी हुई। स्वागत बीडीओ राजेश बहादुर सिंह व राकेश उपाध्याय 'झब्बू' ने किया।
अजादारों ने जुलूस उठाकर पेश की खिराजे अकीदत
गम-ए-हुसैन के सिलसिले से चौथी मुहर्रम को भी शहर में मजलिस और मातम का सिलसिला जारी रहा। बृहस्पतिवार को चौहट्टा लाल खां से दो जुलूस उठाए गए। पहला इम्तियाज के इमामबाड़े से अंजुमन जैनबिया इमामबाड़े तक गया। अंजुमन आबिदिया ने नौहा व मातम पेश किया।
दूसरा जुलूस चौहट्टा लाल खां मस्जिद से रात में उठकर सदर इमामबाड़े पहुंचा। तीसरा जुलूस सैयद आलिम हुसैन के इमामबाड़े से वरिष्ठ पत्रकार काजिम रिजवी के अजाखाने तक गया। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी सैयद फरमान हैदर ने बताया कि मुहर्रम महीने के पहले जुमेरात पर सभी इमामबाड़ों पर मजलिसें हुईं।
विकसित भारत के निर्माण में संस्कृत का योगदान अभूतपूर्व
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रवींद्र जायसवाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में संस्कृत का योगदान अभूतपूर्व है। संस्कृत के सिद्धांतों में वैज्ञानिकता का समावेश है। भारतीय ज्ञान परंपरा पर मार्क्सवाद, मैकाले की शिक्षा पद्धति एवं मदरसों की शिक्षा व्यवस्था से जो आघात हुआ है उससे देश को काफी क्षति पहुंची है।
वह बृहस्पतिवार को रानी पद्मावती तारा योगतंत्र आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में दीक्षारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रभारी प्राचार्य डॉ. कमलेश झा ने कहा कि संस्कृत भाषा में भारतीयता को स्पष्ट करने की अपूर्व क्षमता है। स्वागत डॉ. विजय कुमार पांडेय, डॉ. लक्ष्मीकांत पाठक, डॉ. लक्ष्मी नारायण उपाध्याय ने किया।
हिंदी विभाग के पं. रत्नेश झा ने वाचिक स्वागत, संयोजन डॉ. प्रमोद कुमार पाठक, संचालन डॉ. प्रभु नारायण उपाध्याय और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. लक्ष्मीकांत पाठक ने किया। इस दौरान डॉ. प्रकाश कुमार ठाकुर, डॉ. विवेकानंद झा, डॉ. अभिनव ओझा, डॉ. माधवेन्द्र पांडेय, आनंद दूबे आदि रहे।
सारथी रथ से परिवार नियोजन का संदेश, आशा कार्यकर्ता दूर करेंगी भ्रांतियां
परिवार नियोजन का संदेश बांटने के उद्देश्य से शहरी और ग्रामीण इलाकों में सारथी रथ घूमेगा। इसके माध्यम से लोगों को जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा आशा कार्यकर्ता नसबंदी सहित अन्य उपायों को लेकर जो लोगों के मन में भ्रांतियां हैं, उसको दूर करेंगी।
गुरुवार को सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने विश्व जनसंख्या दिवस पर सारथी रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही जागरूकता रैली, गोष्ठी आदि के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 31 जुलाई तक मनाए जा रहे जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवा दिवस कैंप लगाया जाएगा। इसमें पुरुष व महिला नसबंदी की सेवाएं मिलेंगी।
सीएमओ ने कहा कि टीकाकरण से लेकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान सहित अन्य कार्यों में आशाएं बढ़ चढ़कर भागीदारी करती हैं। पुरुष नसबंदी (एनएसवी) को लेकर समुदाय में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। पुरुष नसबंदी महिला नसबंदी की तुलना में बेहद आसान और सुरक्षित प्रक्रिया है।
आशा कार्यकर्ता इस तरह की भ्रांतियों को भी लोगों के बीच जाकर दूर करेंगी। नोडल अधिकारी और डिप्टी सीएमओ डॉ. एचसी मौर्य ने कहा कि नियत सेवा दिवस ‘नसबंदी’ शिविर के लिए सर्जरी की तैनाती सहित अन्य कार्रवाई पूरी हो गई हैं।
बीएचयू की टीम ने किया जागरूक
विश्व जनसंख्या दिवस पर आईएमएस बीएचयू के किशोर केंद्र की ओर से संत श्री गुरु रविदास स्कूल और सहज अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया। नोडल अधिकारी बीएचयू स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता राय के निर्देशन में डॉ. ममता ने किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस और उसके प्रभाव, चुनौतियों के बारे में बताया। इस दौरान काउंसलर नवीन पांडेय और नेहा चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
लक्ष्य के सापेक्ष जुलाई के अंत तक पूरा कराएं काम : डीएम
डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में विकास की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा कमिश्नरी में हुई। इसमें डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता से कराने को कहा। कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही क्षम्य नही होगी।
लक्ष्य के सापेक्ष स्वच्छ शौचालयों के निर्माण, रेट्रोफिटिंग, सोकपिट, नाफेड, फिल्टर चैंबर के बचे काम जुलाई के अंत तक पूरा कराएं। सभी ग्राम सचिवालय पूरी तरह से फंक्शनल रहे। रोस्टर के अनुसार कर्मचारी नियमित उपस्थित रहकर कार्यों को करें।
प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास योजना के घरों का निर्माण सौ फीसदी पूरा कराएं। बचे अमृत सरोवरों के निर्माण कार्य को जुलाई में पूरा कराएं। इन तालाबों में मछलीपालन का कार्य कराकर उपयोगी बनाएं। डीएम ने कहा कि सोशल सेक्टर की विभिन्न पेंशन योजनाओं से शतप्रतिशत पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें अविलंब लाभान्वित करने की कार्यवाही की जाए।
किशोरी लापता, मां को अपहरण के आरोपी युवक के परिजनों ने भगाया
वाराणसी के रमदत्तपुर क्षेत्र में घर से लापता 17 साल की बेटी के संबंध में मां ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस आरोपी रमदत्तपुर निवासी सैफुल खान और किशोरी की तलाश कर रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि इलाके का सैफुल खान उनकी बेटी को चोरी से मोबाइल देकर बात करता था। जानकारी होने पर सैफुल और उसकी मां समसुन से शिकायत की गई। समसुन ने कहा कि अब ऐसी गलती नही होगी। छह जुलाई को उनकी बेटी सापता हो गई तो वह सैफुल के घर गई।
पता चला कि सैफुल भी घर से गायब है। उसकी मां ने कहा परेशान मत होइए। सैफुल के पापा मुंबई में रहते हैं। दोनों वहीं गए होंगे। पिता इकबाल से बात करने पर उन्होंने कहा कि उनके पास कोई नहीं आया है। यदि दोनों आएंगे तो आपकी बेटी को घर पहुंचा देंगे। लोकलाज के डर से वह चुप रही।
पांच दिन बाद भी बेटी घर नहीं आई तो वह फिर बृहस्पतिवार को सैफुल के घर गईं। इस पर उसकी मां समसुन, बहन गुड़िया और भाभी गालीगलौज कर मारपीट पर आमादा हो गईं। तीनों ने उन्हें घर से भगा दिया। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है।
मीरघाट पर उतराया मिला शव
दशाश्वमेघ थाना अंतर्गत मीरघाट पर गंगा में बहता हुआ एक शव दिखाई दिया। शुक्रवार की सुबह घाट पर मौजूद क्षेत्रीय लोगों नें पुलिस को सूचित किया। जल पुलिस ने NDRF को सूचित कर मौके पर बुलाया। जल पुलिस प्रभारी का कहना है कि शव की हालत काफ़ी खराब थी। कई दिनों का पुराना शव है। अभी इसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पंचनामा के बाद शव को मर्चरी में भेज दिया गया।
सावन की तैयारियां परखने सड़क पर उतरे डीएम
सावन में श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के दर्शन को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। डीएम एस. राज लिंगम ने शुक्रवार को सड़को पर उतरकर व्यवस्थाएं परखी। उनके साथ वीडीए सचिव वेद प्रकाश मिश्रा व एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक भी मौजूद रहे।
सावन में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले कावरियों के भीड़ को देखते हुए गिरजाघर से लक्सा मार्ग तक रोपवे के निर्माण को लेकर भी दिशानिर्देश दिया। साथ ही गिरजाघर से लक्सा मार्ग को वनवे कर 20 जुलाई तक लेन का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
डीएम ने बताया कि सावन में शहर में बाबा दर्शन के लिए आने वाले दर्शनार्थियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए गिरजाघर से भेलूपुर मार्ग व गिरजाघर से लक्सा मार्ग वनवे ट्रैफिक रहेगा। चार पहिया वाहनों को भेलूपुर से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा।
ट्रैक्टर की बैटरी चुराते समय युवक को पकड़ा, दो भागे
चौबेपुर के संदहा में रिंग रोड के किनारे बालू मंडी के ट्रैक्टर चालकों ने बृहस्पतिवार रात बैटरी चुराते एक युवक को पकड़ा। फिर उसे पीट कर चौबेपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान दो युवक अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। संदहा में रिंग रोड के किनारे बगीचे में बालू की मंडी है।
ट्रैक्टर चालक ट्रकों का बालू ट्रॉली में लोड कर बेचते हैं। चालक हरिमर्दन सिंह, बिपिन सिंह, राजू सिंह, गोलू यादव, अनंत नारायण यादव और बृजेश सिंह ने बताया कि कुछ समय से मंडी के ट्रैक्टरों की बैटरी लगातार चोरी हो रही है। बीती रात एक ट्रैक्टर की बैटरी खोल रहा संदहा निवासी युवक पकड़ा गया, उसके दो दोस्त भाग निकले। चौबेपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक से उसके दोस्तों के बारे में पूछताछ की गई है। उसके खिलाफ चोरी के प्रयास के आरोप में कार्रवाई की जाएगी। संवाद
विवाहिता को मायके वालों से जान का खतरा, 11 पर केस
बड़ागांव के औसानपुर गांव में ससुराल में रहने वाली विवाहिता ने मायके वालों से जान को खतरा बताते हुए बड़ागांव थाने में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है। पूनम देवी ने पुलिस को बताया कि औसानपुर गांव निवासी रवि से कोर्ट मैरिज करने के बाद वह अपने ससुराल में रह रही है।
शादी से करोमा गांव स्थित उसके मायके वाले खुश नहीं हैं। शादी के बाद से ही वह गालीगलौज कर और उसे व ससुराल वालों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मायके के लोगों ने धमकाना बंद नहीं किया तो थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने गालीगलौज और धमकाने सहित अन्य आरोपों में करोमा गांव निवासी सगे भाई भईया लाल व रामनरेश, धर्मेंद्र, जितेंद्र, वीरेंद्र, कल्लू, लवकुश, करिया, दिनेश और किशन सहित 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
खाता फ्रीज करने पर बैंकों ने शंकराचार्य से जताया लिखित खेद
खातों को फ्रीज करने के मामले में बैंकों ने ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से लिखित खेद प्रकट किया है। स्वामी गोविंदानंद ने फर्जी कागजात पर बैंकों को गुमराह किया था। जांच के बाद बैंकों को पता चला कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ही खातों के अधिकृत संचालक हैं।
बैंकों ने खेद प्रकट कर खातों का संचालन शुरू कर दिया है। यह जानकारी शंकराचार्य के पावर ऑफ अटॉर्नी धारक राजेंद्र मिश्र, प्रमुख न्याय सेवालय डॉ. गिरीश चंद्र तिवारी और मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने दी।
बताया कि गोविंदानंद सरस्वती ब्रम्हलीन जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपनानंद सरस्वती का दंडी संन्यासी शिष्य नहीं है। फर्जी दस्तावेज बनाकर आधार पत्र में खुद को उनका दीक्षित दंडी संन्यासी शिष्य लिखवाकर केनरा बैंक और बैंक ऑफ इंडिया के खातों को पांच जून से फ्रीज करवा दिया था।
बैंकों को सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अंजनी कुमार मिश्र ने लीगल नोटिस दिया था। बैंकों ने जांच में पाया कि गोविंदानंद ने फर्जी दस्तावेज के माध्यम से गुमराह किया था।